भागलपुर (बिहार)। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार रविवार को भागलपुर पहुंचे। यहां उत्खनन के दौरान मिले प्राचीन सभ्यता के अवशेषों का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर गुवारीडीह में कामा माता स्थान के पास बनाए गए हेलीपैड पर उतरा। मुख्यमंत्री ने स्टॉल पर सजा कर रखे पुरातात्विक महत्व के प्राचीन अवशेषों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को इन्हें सहेजने के निर्देश दिये। मुख्यमंत्री के निरीक्षण के बाद इन पुरातात्विक महत्व के प्रचीन अवशेषों को अब पूरा बिहार देख पाएगा।
विदित हो कि भागलपुर के विभिन्न क्षेत्रों में उत्खनन के दौरान लगातार प्राचीन अवशेष मिल रहे हैं। इस क्रम में पिछले दिनों बिहपुर प्रखण्ड की जयरामपुर पंचायत के गुवारीडीह में 25 फीट ऊंचे टीले से प्राचीनतम अवशेष मिले थे, जिसको देखने मुख्यमंत्री भागलपुर पहुंचे। पिछले दिनों यहां से 1000 ईसा पूर्व से लेकर 12वीं शताब्दी के बर्तन के टुकड़े, ताम्र धातु के टुकड़े, गोपन गुल्ला, सिल्ला लोढी, हैंडल युक्त बर्तन, चौड़े आकार की टेराकोटा की मूर्तियां आदि मिली थीं। सीएम के आगमन पर स्टॉल लगाकर इन चीजों को प्रदर्शित किया गया था।