पटना (बिहार)। महागठबंधन के घटक दल भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) और मॉर्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने अपने-अपने कुल दस प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी है। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मॉर्क्सवादी-लेनिनवादी) अपने प्रत्याशियों की सूची सोमवार को जारी करेगा।
वामदलों में शामिल भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मॉर्क्सवादी-लेनिनवादी) की रविवार को राज्य सचिव मंडल की बैठक में सोमवार को पार्टी के 19 प्रत्याशियों की सूची जारी करने का निर्णय लिया गया है। भाकपा माले के मीडिया प्रभारी कुमार परवेज ने बताया कि सीटों की अदला-बदली के कारण प्रत्याशियों के नामों की घोषणा 24 घंटे के लिए टाल दी गयी है।
भाकपा के राज्य सचिव रामनरेश पांडेय ने बताया कि रविवार को राज्य सचिवमंडल ने कपिदेव यादव की अध्यक्षता में संपन्न बैठक में गठबंधन की ओर से अबतक प्राप्त छह सीटों के लिए प्रत्याशियों के नामों से संबंधित जिला स्तर संगठन द्वारा भेजी गयी अनुशंसा को स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। उन्होंने छह सीटों के प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की।
वहीं, माकपा की बिहार राज्य कमेटी के सचिव अवधेश कुमार ने महागठबंधन के साथ बातचीत के आधार पर तय सीपीआई (एम) के चार विधान सभा क्षेत्रों से पार्टी उम्मीदवार घोषित कर दिया है।
बिहार विधानसभा क्षेत्र के भाकपा एवं माकपा के घोषित प्रत्याशी
- बिहार विधानसभा क्षेत्र बखरी (बेगूसराय) से सूर्यकांत पासवान (भाकपा)
- बिहार विधानसभा क्षेत्र तेघड़ा (बेगूसराय) से राम रतन सिंह (भाकपा)
- बिहार विधानसभा क्षेत्र बछवाड़ा (बेगूसराय) से अवधेष कुमार राय (भाकपा)
- बिहार विधानसभा क्षेत्र हरलाखी (मधुबनी) से राम नरेश पांडेय (भाकपा)
- बिहार विधानसभा क्षेत्र झंझारपुर (मधुबनी) से रामनारायण यादव (भाकपा)
- बिहार विधानसभा क्षेत्र (पूर्णिया) से विकास चंद्र मंडल (भाकपा)
- बिहार विधानसभा क्षेत्र (समस्तीपुर) से अजय कुमार (माकपा)
- बिहार विधानसभा क्षेत्र (सारण) से सत्येंद्र यादव (माकपा)
- बिहार विधानसभा क्षेत्र (बेगूसराय) से राजेंद्र प्रसाद सिंह (माकपा)
- बिहार विधानसभा क्षेत्र (पूर्वी चंपारण) से राजमंगल प्रसाद (माकपा)