• Tue. Jan 20th, 2026

अपराधियों ने मुंगेर में भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता को मारी गोली, एक गोली कनपटी में फंसी

ByMedia News

Jan 27, 2021

मुंगेर (बिहार)। अपराधियों ने बुधवार को दिनदहाड़े भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता और जमालपुर कॉलेज के प्रोफेसर (59 वर्ष) अजफर शम्शी को गोली मार दी है। यह घटना जमालपुर कॉलेज कैंपस के पास घटी है। अपराधियों ने उन्हें टारगेट करते हुए दाईं कनपटी पर गोली मारी है। उनके शरीर में दो गोलियां लगी हैं। इसमें एक गोली कनपटी में लगने के बाद फंस गई है। गंभीर हालत में उन्हें सदर हॉस्पिटल ले जाया गया। वहां पर उनका CT स्कैन किया गया, उसके बाद बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया। मुंगेर के SP मानवजीत सिंह ढिल्लों ने कहा कि परिजनों के बयान पर जमालपुर कॉलेज के प्रभारी प्राचार्य ललन प्रसाद सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। ललन प्रसाद सिंह के साथ अजफर शम्शी का कॉलेज के हैंडओवर-टेकओवर को लेकर विवाद चल रहा था। हालांकि घटना के पीछे ITC वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष पद को लेकर चल रहा विवाद भी चर्चा में है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार अजफर शम्शी घर से कॉलेज के लिए निकले थे। कार ड्राइवर चला रहा था। कॉलेज कैंपस में पहुंचने के बाद वे कार से उतरे। इसके बाद कैंपस में पहले से घात लगाए 4-5 अपराधियों ने हथियार निकाला और उन्हें टारगेट करते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए। अचानक फायरिंग होने से कॉलेज कैंपस और उसके आसपास में भगदड़ की स्थिति हो गई। वहां मौजूद लोग सहम गए। हालांकि अपराधियों के जाने के बाद वहां मौजूद लोगों ने ही गंभीर रूप से घायल प्रोफेसर को अस्पताल पहुंचाया। वारदात की जानकारी मिलने के बाद जमालपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। कॉलेज कैंपस और आसपास के इलाकों में लगे CCTV के फुटेज को खंगाला जा रहा है। MLC रजनीश भी मौके पर पहुंच गए थे।

अजफर शम्शी के बेटे असद शम्शी ने बताया कि उनके पिता पर लगातार जान का खतरा बना हुआ था। जमालपुर कॉलेज के प्रभारी प्राचार्य ललन प्रसाद सिंह से भी उनका विवाद चल रहा था। ITC वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष पद को लेकर तो झंझट था ही। असद के अनुसार उनके पिता को फोन पर जान से मारने की धमकियां मिलती रहती थीं। इस संबंध में उनके पिता ने FIR भी दर्ज करवाई थी। इसमें एक आरोपित अभी जेल में है। उसकी जमानत अर्जी जिला कोर्ट की ओर से रद्द हो चुकी है।

भाजपा में प्रदेश प्रवक्ता और कॉलेज में प्रोफेसर होने के साथ-साथ अजफर शम्शी ITC वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष भी हैं। इस पद को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इससे संबंधित एक मामला हाईकोर्ट में भी पेंडिंग है। यूनियन के अध्यक्ष पद को लेकर राजद के प्रदेश महासचिव पंकज यादव समेत कुछ दूसरे लोगों से उनका विवाद चल रहा था। इन सब की नजर भी अध्यक्ष पद पर है। प्रोफेसर के घर पर पहले भी हमला हो चुका है। पिछले साल कोरोना काल के दौरान ही ITC ऑफिस के अंदर ही उनके ऊपर जानलेवा हमला हुआ था।

शम्शी को गोली मारे जाने की घटना पर भाजपा के बिहार प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल ने कहा कि यह बेहद दुखद घटना है। मेरी शम्शी जी से बात हुई है। वे ठीक हैं। इस घटना पर मैंने DGP से बात की है, उन्होंने SP को इस मामले में तुरंत कार्रवाई करने को कहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *