रोहतास (बिहार)। करगहर थाना क्षेत्र के नीम डिहरा गांव में अपराधियों ने रविवार की सुबह राजद नेता सह पूर्व प्रखंड प्रमुख को दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी।
जानकारी के अनुसार करगहर थाना क्षेत्र के नीम डिहरा गांव के पूर्व प्रखण्ड प्रमुख विजेंद्र यादव सुबह-सुबह सहदैया नदी के किनारे अपने खेत में खाद डलवा रहे थे। वहां अपाची बाइक सवार दो लोग पहुंचे। उन लोगों ने पहले प्रमुख को प्रणाम किया, फिर नजदीक से फायरिंग कर दी। प्रमुख को दो गोली लगी और मौके पर ही मौत हो गई। घटना को अंजाम देकर बाइक सवार वहां से भाग निकले। लोगों ने बताया कि दोनों अपराधियों ने अपने चेहरे को गमछे से बांध रखा था।
पूर्व प्रमुख की हत्या की बात क्षेत्र में आग की तरह फैल गई और मौके पर बड़ी संख्या में लोग पहुंच गए। पूर्व प्रमुख के करगहर स्थित निवास पर हत्या की खबर मिलते ही कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
वहीं करगहर में भारी अक्रोश है। बताते है कि विजेन्द्र सिंह की क्षेत्र में राजनीतिक रूप से अच्छी पकड़ थी। उनकी पत्नी भी एक बार जिला पार्षद रही है। वे वर्तमान में पंचायत के पैक्स अध्यक्ष भी थे।