• Thu. Mar 12th, 2026

कोटा में पढ़ने के लिए इंटर के छात्र ने खुद की किडनैपिंग का प्लान बनाकर पिता से मांगी 2 लाख की फिरौती

ByMedia News

Feb 4, 2024

कैमूर (बिहार)। इंटर के एक छात्र ने राजस्थान के कोटा में कोचिंग करने के लिए खुद के ही किडनैपिंग की साजिश रचकर अपने ही पिता से दो लाख रुपये की फिरौती मांगी। पुलिस ने छात्र के अपहरण और फिरौती मांगने के मामले का भंडाफोड़ कर दिया।

पुलिस अधीक्षक ललित मोहन शर्मा ने बताया कि भगवानपुर थाना क्षेत्र के पहड़िया ग्राम निवासी रामजी साह ने 1 फरवरी को थाने में आवेदन देकर अपने पुत्र प्रिंस कुमार के अपहरण की सूचना दी। वह इंटर की परीक्षा देने रतवार के डीएवी पब्लिक स्कूल में गया था। मामले में भभुआ थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई। लड़के के पिता ने बाद में 2 लाख रुपये की फिरौती मांगे जाने की सूचना पुलिस को दी।

एसपी ने बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। तकनीकी अनुसंधान के दौरान प्रिंस के जहां-जहां उपस्थित होने का साक्ष्य मिला, पुलिस टीम वहां-वहां छापेमारी की। पुलिस ने उसे हावड़ा रेलवे स्टेशन से बरामद कर लिया।

पुलिस द्वारा पूछताछ करने पर उसने बताया कि वह राजस्थान के कोटा में कोचिंग करना चाहता था। घर में बहन की शादी थी इसलिए उसके पिता ने शादी के बाद पैसा देने की बात कही थी। कोचिंग जल्दी करने के लिए उसने खुद के अपहरण की साजिश रचकर अपने पिता से पैसा ऐठने के लिए रणनीति बनाई।

उसने प्लान के तहत अपना मोबाइल घर पर छोड़कर अपने पिता के नाम से लिया हुआ एक सिम कार्ड लेकर परीक्षा देने के बाद मोहनियां से ट्रेन में सवार होकर गया स्टेशन चला गया। उसने वहां अनजान व्यक्ति से मिलकर उसे पैसों का प्रलोभन देकर उसके मोबाइल में अपना सिम डालकर अपने पिता को फोन कर अपहरण होने के नाम पर 2 लाख रुपये फिरौती की मांग किया।

एसपी ने बताया कि जांच में अपहरण का मामला झूठा निकला। प्रिंस के पिता ने बेटी की शादी के बाद उसे कोटा भेजने की बात कही गई थी। लेकिन, उसने अपने पिता से पैसा ऐठने के लिए अपहरण की झूठी कहानी बनाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *