बिहार में डीजी मैडम की गाली से मर्माहत सीनियर आइपीएस अधिकारी विकास वैभव द्वारा ट्वीट किए जाने के बाद उन्हें नोटिस जारी करते हुए 24 घंटे के अंदर जवाब देने को कहा गया है।
होमगार्ड एंड फायर सर्विस के आईजी विकास वैभव ने ट्विटर पर लिखा था कि डीजी मैडम के मुख से गालियां ही सुन रहा हूं, परंतु यात्री मन आज वास्तव में द्रवित है।
होमगार्ड एंड फायर सर्विस डीजी की तरफ से 9 फरवरी देर शाम यह नोटिस जारी किया गया है। नोटिस में उनसे पूछा गया है कि उन्होंने सोशल मीडिया पर जो पोस्ट किया क्या वो आइपीएस सर्विस का उल्लंघन नहीं है ? आपने सोशल मीडिया पर आपने वरीय पदाधिकारी पर बेबुनियाद आरोप लगाकर उनकी छवि को धूमिल करने का प्रयास किया। आपका यह काम अखिल भारतीय सेवा संघ आचार नियमावली के खिलाफ है। वायरल मैसेज में आपके द्वारा रिकॉर्डिंग किए जाने की बात को पब्लिक डोमेन में लाया गया है। इससे स्पष्ट होता है कि आपके द्वारा कार्यालय की बैठकों में होने वाली चर्चाओं की रिकॉर्डिंग की जाती है, ये आपकी गलत मंशा को दर्शाता है।
यह ऑफिसियल सीक्रेट एक्ट के सुसंग प्रावधानों का भी उल्लंघन है। आपका आचरण एक वरीय पुलिस पदाधिकारी के आचरण के लिए सही नहीं है। आईजी से 24 घंटे के अंदर जवाब देने को कहा गया है।
जानकारी हो कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से आईजी विकास वैभव और होमगार्ड डीजी शोभा अहोतकर के बारे में जब पूछा गया तो उन्होंने कानून का हवाला देते हुए कहा कि नियम ट्वीट करना नहीं है। कोई ऑफिसर है, कोई नौकरी करता है, वह उसका काम ट्वीट करना नहीं है। आपके साथ यदि कोई समस्या है तो उसके लिए जगह है। वहां जाकर अपनी शिकायत कीजिए। उस पर तुरंत रिस्पांस होता है। लेकिन, यह तो विचित्र बात है। सार्वजनिक तौर पर ट्वीट हो रहा है। यह गलत है। इन तमाम मामलों की जांच कराई जा रही है।
विदित हो कि होमगार्ड और फायर सर्विसेज के आईजी विकास वैभव ने ट्वीट और फेसबुक पर पोस्ट कर यह आरोप लगाया है। पोस्ट में लिखा–मुझे आईजी होमगार्ड एंड फायर सर्विसेज का दायित्व दिनांक 18 अक्टूबर 2022 को दिया गया था और तब से ही सभी नव दायित्वों के निर्वहन हेतु हर संभव प्रयास कर रहा हूं, प्रतिदिन तब से अनावश्यक डीजी मैडम के मुख से गालियां ही सुन रहा हूं। परंतु यात्री मन आज वास्तव में द्रवित है। बीच में रिकॉर्ड होने की भी बात है।
उन्होंने अपनी फेसबुक पर लिखा था– मेरी पत्नी और माता को संबिधित करके मुझे वरीय डीजी मैडम ने एकांत में गाली दी। रिकॉर्डिंग कर सकता था और इसलिए मोबाइल साथ लाने के लिए मुझे मना किया गया। सच में दुखी हूं। संन्यास हेतु यात्री मन वास्तव आशान्वित है। परंतु “किंकर्तव्य विमुढ़ नहीं होना चाहता हूं। भयानक रूप से द्रवित हूं। सब माया है। ऐसे अपमान के लिए सर्वशक्तिमान से प्रार्थनारत हूं।
सीनियर आईपीएस ऑफिसर विकास वैभव ने यह ट्वीट बुधवार देर रात 1:43 बजे पर किया। ट्वीट के बाद प्रशासनिक महकमा, राजनैतिक महकमे में खलबली मच गई। हालांकि बाद में उन्होंने ट्वीट डिलीट कर दिया।
विकास वैभव ने अगले ट्वीट में लिखा है यात्री मन व्याकुल है बंधन से मुक्त होना चाहता है। परिस्थितियां अवरोध उत्पन्न कर करती प्रतीत भले हो रही हो, परंतु यात्री मन यह भी जानता है कि यात्री मन को कोई बांध नहीं सकता। जो निर्धारित है वह स्वयं अपना मार्ग प्रशस्त करेगा। शेष सब माया ही है। परंतु कर्म महत्वपूर्ण है।
विकास वैभव की इस ट्वीट से सभी हैरान हैं हालांकि अंतिम ट्वीट छोड़कर सभी पोस्ट डिलीट कर दिया गया है।
जानकारी हो कि बिहार होमगार्ड एंड फायर सर्विसेज की डीजी शोभा अहोतकर हैं। वो बिहार के डीजीपी बनने की रेस में थीं, लेकिन अंतिम वक्त पर आरएस भट्टी बिहार डीजीपी बने थे।