पटना (बिहार)। लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) 67वीं परीक्षा में बदलाव किए जाने के विरोध में अभ्यर्थी बुधवार को सड़क पर उतर गए। अभ्यर्थी लगातार परसेंटाइल सिस्टम का विरोध और एक पाली में परीक्षा आयोजित कराने की मांग कर रहे हैं। बीपीएससी कार्यालय के बाहर आंदोलन करने जा रहे अभ्यर्थियों पर पुलिस ने जमकर लाठियां चटकाई। लाठीचार्ज में कई छात्रों के घायल होने की खबर है। अभ्यर्थियों के नेता दिलीप कुमार को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दिलीप ने पुलिस पर मारपीट के आरोप लगाए हैं।
बताया जा रहा है कि प्रदर्शनकारी छात्र बीपीएससी कार्यालय का घेराव करने के लिए जा रहे थे तो पुलिस ने उन्हें रास्ते में रोकने का प्रयास किया। पुलिस और अभ्यर्थियों के बीच झड़प हो गई। छात्र जब नहीं रूके तो पुलिस ने उन्हें काबू में करने के लिए बल प्रयोग किया। इस दौरान बेली रोड पर पटना म्यूजियम के पास छात्रों पर पुलिस ने जमकर लाठियां भांजी। पुलिस ने अभ्यर्थियों के नेता दिलीप कुमार को गिरफ्तार भी कर लिया है।
छात्रों ने कहा कि वे शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर रहे थे। इसके बावजूद भी उनपर लाठी चार्ज किया गया। उनके नेता को गिरफ्तार कर प्रदर्शन को कमजोर करने का प्रयास किया गया।
विदित हो कि बीपीएससी 67वीं परीक्षा में बदलाव किए जाने के विरोध में अभ्यर्थी सड़क पर उतर गए। अभ्यर्थी लगातार परसेंटाइल सिस्टम का विरोध और एक पाली में परीक्षा आयोजित कराने की मांग पर अड़े हुए हैं। बीपीएससी ने पैटर्न में बदलाव कर दो पाली में परीक्षा को आयोजित करने की घोषणा की थी।
छात्रों ने कहा कि दो पाली में एग्जाम लेने की मंसा यह है कि इसके बहाने पिछले दरवाजे से पैसे लेकर पास कराया जाएगा।
हम सालों से परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं। हमें नए नियम से नुकसान होगा। सरकार का यह फैसला खेल के बीच में नियम बदलने की तरह है।
विदित हो कि पिछले दिनों पटना में शिक्षक अभ्यर्थियों पर पुलिस और प्रशासन ने लाठीचार्ज किया था, जिसके बाद सियासी बवाल मच गया था।