• Tue. Jan 20th, 2026

पीएम से मिले नीतीश 1 घंटे तक हुई चर्चा, हमारी सरकार ने बिहार की बदली तस्वीर, विपक्ष पब्लिसिटी के लिए कुछ भी बोलता है

ByMedia News

Feb 11, 2021

बिहार में मंत्रिमंडल विस्तार के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार दिल्ली दौरे पर हैं। उन्होंने गुरुवार की शाम 4 बजे संसद भवन में PM नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। दोनों के बीच एक घंटे तक विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई।

प्रधानमंत्री मोदी से बातचीत के बाद सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री के साथ विकास के मुद्दे पर चर्चा हुई। सीएम ने कहा कि हमारी सरकार ने बिहार की तस्वीर बदल दी है। पहले बिहार में 24 हजार करोड़ का बजट था, अब 2 लाख करोड़ रुपए का हो गया है। हर घर में बिजली और नल के जरिए पानी पहुंचा दिया गया है। घर-घर में शौचालय की व्यवस्था की गई है। सड़क निर्माण के बाद उसकी मरम्मती पर भी ध्यान दिया जा रहा है। लेकिन विपक्ष पॉजिटिव चीजें छोड़ अन्य बातों पर ध्यान दे रहा है, बोलने से उन्हें पब्लिसिटी मिलती है।

रोजगार पर चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि सरकारी और गैर सरकारी दोनों क्षेत्रों में रोजगार दिए गए हैं। पुलिस में रोजगार दिया गया है। पहले काफी कम लड़कियां पढ़ पाती थीं, अब बड़ी संख्या में लड़कियां स्कूल और कॉलेज जा रही हैं। हमारी सरकार में महिलाओं को भी ज्यादा प्रतिनिधित्व मिला है। इन मुद्दों पर पहले चर्चा तक नहीं होती थी।

नीतीश कुमार ने PMCH का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि PMCH को वर्ल्ड क्लास का अस्पताल बनाया जा रहा है। हमलोग काम के लिए जाने जाते हैं। हमने सरकार की ओर से कृषि के लिए रोडमैप तैयार करवाया है। कृषि क्षेत्र में उत्पादकता दोगुनी हो गई है। हर क्षेत्र में सरकार की ओर से काम किया जा रहा है।

विदित हो कि इससे पहले बुधवार को नीतीश कुमार अमित शाह से मिलने उनके घर पहुंचे थे। वहां भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्‌डा भी मौजूद थे। डिनर पर तीनों के बीच लंबी बातचीत हुई। इससे पहले दिल्ली पहुंचने के बाद मीडिया से बात करते हुए नीतीश कुमार ने कहा था कि कोरोना के दौर के बाद पहली बार दिल्ली आया हूं। हमलोग बिहार में फिर जीते। अब कैबिनेट विस्तार भी हो गया है। कहीं कोई दिक्कत नहीं है। तेजप्रताप द्वारा ‘बिहार का विस्तार’ किए जाने वाले कमेंट पर कहा कि जिसे ‘क..ख..ग..घ’ का ज्ञान नहीं है, उनके सवालों पर हम क्या बोले। 15 सालों में बिहार कहां से कहां पहुंच गया है। लोजपा के बारे में सवाल पूछे जाने पर उ्होंने कहा कि बिहार चुनाव में लोजपा ने जो किया वह सबको पता है। अब एनडीए में उसकी क्या भूमिका होगी, इस बारे में भाजपा ही जाने।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *