रोहतास (बिहार)। संझौली थाना क्षेत्र के नोखा से नटवार जाने वाले बक्सर नहर के अमैठी लख के पास बीते 23 सितंबर को साप्ताहिक राशि वसूल कर लौट रहे भारत फाइनेंस के एक कर्मी कर्मी की हत्या व लूट के मामले में शामिल चार अपराधियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उनके पास से दो देसी कट्टा, एक कारतूस, तीन मोबाइल और लूट के 8 हजार 2सौ रुपए नकद बरामद किया गया है।
एसपी आशीष भारती ने सोमवार को बताया कि इस लूट कांड के उद्भेदन व गिरफ्तारी के लिए एसडीपीओ बिक्रमगंज के नेतृत्व में थानाध्यक्ष संझौली, बिक्रमगंज, नटवार, दिनारा समेत आसूचना इकाई (डीआईयू) की टीम गठित की गई थी। इस कांड में शामिल अपराधियों की तलाश के लिए तकनीकी और परंपरागत ढंग से अनुसंधान प्रारंभ किया गया।
विशेष टीम ने पूर्वी भेलारी गांव में छापेमारी कर इस कांड में शामिल अवकाश कुमार सिंह उर्फ शमशेर एवं उसी थाना के सराव गांव निवासी मंटू कुमार उर्फ रवि रंजन तथा बिक्रमगंज थाना क्षेत्र के रेडिया गांव निवासी ऋषभ श्रीवास्तव को गिरफ्तार किया है। इनके पास से हत्या में प्रयुक्त अपाची बाइक एवं लूटे गए 8 हजार 2सौ रुपए नकद बरामद किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इनलोगों से कड़ाई से पूछताछ करने के बाद इनके द्वारा बताये गए स्थान पर छापेमारी कर पूर्वी भेलारी से ही विशाल कुमार को गिरफ्तार किया गया। इसके घर से घटना में प्रयुक्त दो देशी कट्टा एवं एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है।
एसपी ने बताया कि उक्त गिरफ्तार अपराधकर्मियों ने मृतक को गोली मारकर हत्या करने एवं पैसा लूटने में अपनी-अपनी संलिप्तता स्वीकार किया है। इन सभी के अपराधिक इतिहास का पता किया जा रहा है। इस कांड के उद्भेदन में गठित टीम में शामिल सभी पुलिसकर्मियों को पुरस्कृत किया जा रहा है।