औरंगाबाद (बिहार)। पंचायती राज मंत्री मुरारी गौतम द्वारा सर्किट हाउस में प्रेस वार्ता के दौरान सभी मीडिया कर्मियों को गोदी मीडिया कहे जाने पर मीडिया कर्मी भड़क उठे। प्रेस कॉन्फ्रेंस में शामिल मीडियाकर्मियों ने उन पर सवाल खड़ा किया कि इस तरह की अपमानजनक बातें एक मंत्री के जुबान से शोभा नहीं दे रही है।
विदित हो कि बिहार में महागठबंधन की सरकार बनने के बाद मंत्रिमंडल में शामिल पंचायती राज मंत्री मुरारी गौतम औरंगाबाद के कुटुंबा प्रखंड के महुआ धाम दर्शन के लिए आए हुए थे। महुआ धाम से बिहार और झारखंड दोनों राज्यों के श्रद्धालुओं की आस्था जुड़ी है। लेकिन इसका समुचित विकास नहीं हो पाया है। महुआ धाम में धर्मशाला, शौचालय एवं स्नानागार एक नहीं बनाया गया है।
रोहतास जिले के चेनारी विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस विधायक सह पंचायती राज मंत्री मुरारी गौतम कुटुंबा के महुआ धाम में पूजा अर्चना करने पहुंचे थे। उन्होंने विधिवत पूजा अर्चना के बाद औरंगाबाद स्थित सर्किट हाउस में प्रेस वार्ता किया।
मीडिया कर्मियों द्वारा प्रेस वार्ता के दौरान पंचायत के विकास के बारे में सवाल किए जाने पर मंत्री ने कहा कि सशक्तिकरण एवं तेजी से गांव का विकास होगा। लेकिन उसी दौरान उनके बिगड़े बोल भी सुनने को मिला जहां उन्होंने सभी मीडिया कर्मियों को गोदी मीडिया कह कर पुकारा। यह अपमानजनक शब्द सुनकर सभी पत्रकार भड़क उठे और कहा कि इस तरह की बातें एक मंत्री के जुबान से शोभा नहीं देती है। आप अभी नए सरकार में नए मंत्री बने हैं और अभी से ही आपकी बातें देश के चौथे स्तंभ के प्रति अपमानजनक निकल रही है। आप मंत्री लायक नहीं हैं।
पत्रकार विरोध जताते हुए प्रेस कॉन्फ्रेंस से निकल गए। मंत्री की यह बात बड़ी तेजी से फैलने लगी है और चर्चा का विषय बना हुआ है।