• Thu. Mar 12th, 2026

बिहार में एनडीए 30, इंडिया 9 सीट और निर्दलीय पप्पू यादव 1सीट जीते

ByMedia News

Jun 4, 2024

बिहार लोकसभा चुनाव के नतीजे मंगलवार 4 जून2024 को घोषित हो गए हैं। एनडीए ने 30 सीट पर कब्जा जमाया तो इंडिया अलायंस (महागठबंधन) ने 9 सीट पर जीत दर्ज की है, निर्दलीय पप्पू यादव ने एक सीट पर अपना कब्जा जमाया।

एनडीए में बीजेपी और जदयू ने 12-12 सीटों पर जीत दर्ज किया तो लोजपा रामविलास ने अपने कोटे की सभी पांच सीटों पर कब्जा जमाने में कामयाब हुआ। गया से हम सुप्रीमो जीतनराम मांझी अपनी सीट जीतने में कामयाब रहे, लेकिन आरएलएम चीफ उपेंद्र कुशवाहा काराकाट से चुनाव हार गए हैं।

इंडिया (महागठबंधन) के आरजेडी ने 23 सीटों पर चुनाव लड़ा और महज चार सीट पर जीत दर्ज किया। कांग्रेस ने 9 सीट पर चुनाव लड़ा लेकिन तीन सीट पर अपना परचम लहराया।सीपीआई माले ने अपना खाता खोला और दो सीटों पर जीत दर्ज किया। सीपीएम और सीपीआई अपने कोटे की एक-एक सीटें हार गईं। मुकेश सहनी की वीआईपी को भी अपने कोटे की तीनों सीटों पर हार का सामना करना पड़ा।

जानकारी हो कि सीवान में जेडीयू की विजयलक्ष्मी कुशवाहा ने निर्दलीय हेना शहाब को हरा दिया। पूर्व सांसद आनंद मोहन की पत्नी लवली आनंद शिवहर से जीत गईं। जमुई में लोजपा रामविलास के मुखिया चिराग पासवान के जीजा अरुण भारती ने आरजेडी की अर्चना रविदास को हरा दिया। आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की बड़ी बेटी मीसा भारती पाटलिपुत्र से जीत गईं, तो दूसरी बेटी रोहिणी आचार्या सारण से चुनाव हार गईं। अररिया में बीजेपी के प्रदीप कुमार सिंह ने जीत दर्ज कर ली। मुंगेर में जेडीयू के ललन सिंह जीत गए। बेगूसराय से केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह तो दरभंगा में बीजेपी के गोपालजी ठाकुर जीते। पूर्णिया में निर्दलीय प्रत्याशी पप्पू यादव की जीत हुई है, उन्होंने जदयू के संतोष कुमार को हराया वहीं आरजेडी की बीमा भारती बुरी तरह हार गई। पश्चिम चंपारण में बीजेपी के संजय जायसवाल तो वाल्मीकि नगर में जेडीयू के सुनील कुमार की जीत हुई है। बीजेपी के केंद्रीय मंत्री आरके सिंह आरा से हार गए। पाटलिपुत्र से रामकृपाल यादव भी चुनाव हारे।

पटना साहिब में बीजेपी के रविशंकर प्रसाद जीते, मीरा कुमार के बेटे अंशुल अविजित कांग्रेस के टिकट पर चुनाव हार गए। समस्तीपुर में शांभवी चौधरी ने जीत दर्ज की, कांग्रेस के सन्नी हजारी हारे। मुजफ्फरपुर से बीजेपी के राजभूषण चौधरी जीत गए हैं, कांग्रेस के अजय निषाद को हार मिली। नित्यानंद राय उजियारपुर में कड़े मुकाबले में जीत गए।

लोकसभा चुनाव के रिजल्ट के बीच मुख्यमंत्री सह जेडीयू अध्यक्ष नीतीश कुमार को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है। लोजपा रामविलास के मुखिया चिराग पासवान ने एनडीए छोड़ने से इनकार कर दिया और कहा कि पीएम मोदी को उनका बिना शर्त समर्थन रहेगा। जेडीयू ने स्पष्ट किया है कि नीतीश एनडीए में ही रहेंगे। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी सीएम आवास पहुंचे और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात की। दिल्ली में एनडीए और इंडिया गठबंधन की बुधवार को अलग-अलग बैठके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *