बिहार में नीतीश कुमार ने 8वीं बार बिहार के मुख्यमंत्री के तौर पर बुधवार को शपथ ले ली है। बिहार के राज्यपाल फागू चौहान ने राजभवन में उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।
नीतीश कुमार ने हिंदी में ईश्वर के नाम की शपथ ली। उनके बाद तेजस्वी यादव ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली। शपथ लेने के बाद तेजस्वी ने मंच पर ही नीतीश कुमार के पैर छूकर आशीर्वाद लिया। इसके बाद नीतीश ने 2024 के लिए विपक्ष से एकजुट रहने की अपील की।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शपथ लेने के बाद मीडिया से बात किया। उन्होंने नाम लिए बिना भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि 2014 में आने वाले, 2024 में रहेंगे तब ना। हम रहें या न रहें, वे 2024 में नहीं रहेंगे। मैं विपक्ष को 2024 के लिए एकजुट होने की अपील करता हूं। प्रधानमंत्री पद के सवाल पर उन्होंने कहा कि मैं इस पद का उम्मीदवार नहीं हूं।
शपथ समारोह में शामिल होने के लिए राबड़ी देवी भी राजभवन पहुंचीं। हालांकि तेजस्वी के पिता और राजद सुप्रीमो लालू यादव खराब सेहत की वजह से कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके। शपथ से पहले नीतीश ने लालू से फोन पर बात करके उन्हें सियासी हालात की जानकारी दी।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने शाम 5 बजे कैबिनेट बैठक की। इसमें तय हुआ कि 24 और 25 को विधानसभा का विशेष सत्र बुलाया जाएगा। पहले दिन नए स्पीकर का चुनाव होगा। इसके अगले दिन फ्लोर टेस्ट होगा। अभी कैबिनेट विस्तार को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।
नीतीश कैबिनेट का विस्तार फ्लोर टेस्ट के बाद होगा। सूत्रों के मुताबिक तय फॉर्मूले में राजद को 16 मंत्री पद मिलने हैं, जबकि जदयू के खाते में 13 और कांग्रेस के 4 विधायक मंत्री बनेंगे। 12 विधायकों वाली CPI (ML) ने अभी सरकार में शामिल होने पर कोई फैसला नहीं किया है। मंत्रियों के संभावित नाम इस तरह हो सकते हैं…
- राजद – तेजप्रताप यादव, आलोक कुमार मेहता, अनिता देवी, जितेन्द्र कुमार राय, चन्द्रशेखर, कुमार सर्वजीत, बच्चा पांडेय, भारत भूषण मंडल, अनिल सहनी, शाहनवाज, अख्तरुल इस्लाम शाहीन, समीर महासेठ, भाई वीरेन्द्र, ललित यादव, कार्तिक सिंह, वीणा सिंह, रणविजय साहू और सुरेन्द्र राम।
- जदयू – विजय कुमार चौधरी, विजेन्द्र प्रसाद यादव, अशोक चौधरी, उपेन्द्र कुशवाहा, शीला कुमारी, श्रवण कुमार, मदन सहनी, संजय कुमार झा, लेशी सिंह, सुनील कुमार, जयंत राज और जमां खान।
- कांग्रेस – मदन मोहन झा, अजीत शर्मा, शकील अहमद खान और राजेश कुमार।
- हम (से) – संतोष कुमार सुमन।