पटना {बिहार)| पटना में 10 से 16 जुलाई २०२० तक के लिए संपूर्ण लॉकडाउन घोषित कर दिया गया है | इस बाबत डीएम ने आदेश जारी कर दिया है| बिहार में बुधवार कोरोना के 739 मामले सामने आए, जिसमें पटना में 234 केस दर्ज किए गए| राज्य में अब कोरोना पॉजिटिव मामलों की कुल संख्या 13,274 है| राज्य में कोरोना के बढ़ते मामले को लेकर विपक्षी दल नीतीश सरकार पर हमलावर है|
विदित हो कि मंगलवार को तेजस्वी यादव ने टेस्टिंग को लेकर सवाल उठाए थे| इस मसले पर उनके निशाने पर प्रदेश के उप-मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी रहे| तेजस्वी ने सरकार को चुनौती दी कि वह साबित करे कि किस दिन 9 हजार टेस्ट हुए, अगर ऐसा है तो मैं राजनीति से संन्यास ले लूंगा|
उन्होंने कहा कि बिहार में कोरोना संक्रमण अप्रत्याशित रूप से बढ़ चुका है| सरकार को कहीं कोई चिंता नहीं है | जांच की गति बहुत ही धीमी है | इलाज की चिंता भी नहीं है | पूरा मंत्रिमंडल, प्रशासन और सरकार चुनावी तैयारियों में व्यस्त है| सरकार आंकड़े छिपा रही है| अगर सरकार नहीं संभली तो अगस्त-सितंबर तक स्थिति और विस्फोटक हो सकती है| स्वास्थ्य विभाग आईसीयू में है| पिछले २ सालों में कोई स्वास्थ्य केंद्र स्थापित नहीं किया गया है| सीएम नीतीश कुमार लाशों के ढेर पर चुनाव करवाना चाहते हैं| वे राष्ट्रपति शासन से डर रहे हैं|