मुंगेर (बिहार)। मुंगेर में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन को लेकर हुए बवाल के कारण गुरुवार को उग्र प्रदर्शन के बाद मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने डीएम और एसपी के ऊपर कड़ी कार्रवाई के बाद जिले में नए अफसरों को नियुक्त कर दिया है। आइपीएस मानव सिंह ढिल्लो को जिले का एसपी बनाया गया है, जबकि रचना पाटिल को डीएम का पदभार दिया गया है। इसके पहले गुरुवार को ही भारत निर्वाचन आयोग ने मुंगेर की पुलिस कप्तान लिपि सिंह और जिलाधिकारी राजेश मीणा को हटा दिया था।
जानकारी हो कि सोमवार को मुंगेर में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान हुई गोलीबारी और श्रद्धालुओं पर पुलिस द्वारा किए गए लाठीचार्ज के मामले को लेकर गुरुवार को लोग फिर उग्र हो गए। बवाल के दौरान पुलिस की जीप फूंक दी गई। इसके बाद लोग नारेबाजी करते हुए एसपी कार्यालय पहुंच गए। हंगामे की सूचना मिलने पर भारी संख्या में पुलिस मौके पर पहुंची तब जाकर प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित किया जा सका। घटना की जानकारी होते ही निर्वाचन आधिकारी ने बड़ी कार्रवाई की। आयोग ने मुंगेर के जिलाधिकारी राजेश मीणा और पुलिस अधीक्षक लिपि सिंह को तत्काल प्रभाव से हटा दिया है।
विदित हो कि 26 अक्टूबर को हुई घटना के दूसरे दिन 27 को चुनाव आयोग की तीन सदस्यीय टीम स्थिति की जायजा लेने के लिए हेलीकॉप्टर से मुंगेर पहुंची थी। टीम में अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी संजय कुमार सिंह, एडीजी मुख्यालय जितेंद्र कुमार व एडीजी विधि-व्यवस्था अमित कुमार शामिल थे। मिली जानकारी के अनुसार टीम ने जांच में पाया कि घटना की आशंका खुफिया सूत्रों ने जाहिर की थी। बावजूद इसके स्थानीय प्रशासन ने जरूरी कदम नहीं उठाए थे। भीड़ में कुछ असमाजिक तत्व मौजूद थे। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए फायरिंग की।