नरेंद्र मोदी सरकार 3.0 में बिहार से चार कैबिनेट और चार राज्यमंत्री बनाए गए हैं। मोदी मंत्रिपरिषद में बिहार के बीजेपी से चार, जेडीयू से दो और लोजपा रामविलास एवं हम से एक-एक मंत्री बने हैं। कुशवाहा एवम् राजपूत से कोई नहीं बना मंत्री
बिहार से कुल आठ केंद्रीय मंत्री बनाए गए। इनमें हम संरक्षक जीतनराम मांझी, जेडीयू के ललन सिंह, बीजेपी से गिरिराज सिंह और लोजपा रामविलास के मुखिया चिराग पासवान को कैबिनेट मंत्री बनाया गया है।
जेडीयू से राज्यसभा सांसद एवं भारत रत्न कर्पूरी ठाकुर के बेटे रामनाथ ठाकुर को राज्यमंत्री बनाया गया है। बीजेपी के नित्यानंद राय को फिर से मोदी मंत्रिपरिषद में जगह मिली है, उन्हें भी राज्यमंत्री बनाया गया है। बीजेपी के राज्यसभा सांसद सतीश चंद्र दुबे को पहली बार मोदी मंत्रिपरिषद में जगह मिली है। उन्हें राज्यमंत्री बनाया गया है। इसके अलावा मुजफ्फरपुर से बीजेपी के टिकट पर लोकसभा चुनाव जीतकर पहली बार सांसद बने राजभूषण चौधरी निषाद भी केंद्रीय राज्यमंत्री बने हैं। सभी ने राष्ट्रपति भवन में रविवार को पद और गोपनीयता की शपथ ली।
ललन सिंह जेडीयू के पूर्व सांसद हैं। मुंगेर से लोकसभा चुनाव जीतकर संसद पहुंचे हैं। वे भूमिहार जाति से आते हैं।रामनाथ ठाकुर भारत रत्न कर्पूरी ठाकुर के बेटे हैं और जेडीयू के राज्यसभा सांसद हैं। बीजेपी से गिरिराज सिंह भूमिहार, तो नित्यानंद राय यादव जाति से आते हैं। दलित चेहरे में चिराग पासवान और महादलित-मूसहर जाति से जीतनराम मांझी को मंत्रिपरिषद में जगह मिली है। इसके अलावा ब्राह्मण जाति से सतीश चंद्र दुबे को मंत्री बनाया गया है। इसके अलावा मल्लाह समाज से राजभूषण चौधरी निषाद केंद्रीय मंत्री बने। बिहार से मोदी सरकार में राजपूत और कोइरी जाति से कोई मंत्री नहीं बना है।