• Thu. Mar 12th, 2026

रोहतास एसपी आधी रात को फरियादी बनकर पहुंचे थाने, दारोगा ने हड़काया, नजदीक से देखा पुलिस की असली चेहरा

ByMedia News

Feb 7, 2023

बिहार में रोहतास एसपी विनीत कुमार आमलोगों के प्रति पुलिस की कार्यशैली से अवगत होने के लिए खुद सिविल ड्रेस में रात्रि में फरियादी बनकर थाना में शिकायत दर्ज कराने पहुंच गए। हद तो तब पर कर गई जब उनकी शिकायत दर्ज नहीं की गई और पुलिसिया रौब दिखाते हुए उन्हें अगले दिन आने को कहा गया। हालांकि वे जिले के पुलिसकर्मियों को भी आमजन के प्रति अच्छा व्यवहार रखने एवम् हर वक़्त सतर्क रहने का निर्देश दे चुके हैं, इसके बाद भी पुलिस की कार्यशैली सही नहीं दिखी।

जानकारी हो की पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार रात में पुलिस चौकसी दुरुस्त करने पर विशेष जोर दे रहे है। वे रविवार की आधी रात (लगभग एक बजे) कुछ अलग अंदाज में औचक निरीक्षण के लिए निकले। वे सिविल ड्रेस में सासाराम नगर थाना पहुंचे। जहां एसपी की मुलाकात ऑन ड्यूटी पदाधिकारी एएसआई राम विलास राम से हुई। हाथ में आवेदन लिए एसपी ने उक्त पुलिस अधिकारी को बताया कि वे डेहरी के रहने वाले हैं और वाराणसी से आने के क्रम में सासाराम कचहरी मोड़ के समीप कुछ असामाजिक तत्व के लोगों ने उनके साथ मारपीट करने के बाद मोबाइल और रुपये छीन लिए। जिसकी शिकायत दर्ज करानी है। इसपर ओडी पदाधिकारी ने उन्हें सुबह आकर रिपोर्ट लिखाने की बात कही। वे थानाध्यक्ष से मिलने की बात कही तो एसपी को भी पुलिस रौब का सामना करना पड़ा और पुलिसवालों ने उन्हे अगले दिन के लिए टरकाया दिया। हैरानी की बात यह रही कि इस पूरे घटनाक्रम के दौरान कोई भी पुलिसकर्मी एसपी को पहचान नहीं पाया।

एसपी के अनुसार इस प्रकार का निरीक्षण भी जांच का एक हिस्सा है। इस प्रकार का औचक निरीक्षण आगे भी जारी रहेगा। लापरवाह पुलिसकर्मियों पर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। सासाराम नगर थाना पर रात्रि ड्यूटी में कार्यरत होमगार्ड संतरी और ओडी अधिकारी के रिस्पॉन्स और सजगता में दिखी त्रुटि के लिए उन्हें स्पष्टीकरण किया गया है। इसके बाद अग्रतर कार्रवाई की जाएगी।

विदित हो कि एसपी औचक निरीक्षण करने निकले थे। उन्होंने फरियादी बनकर थानों की हकीकत जानने का प्रयास अपने साथ हुई काल्पनिक घटना का जिक्र करते हुए थाने में केस दर्ज करने का आग्रह किया। लेकिन, नगर थाने में पहुंचने पर ड्यटी पर तैनात ओडी अधिकारी रामबिलास राम ने अगले दिन केस लिखवाने की बात कहकर लौटा दिया। अब आप अंदाजा लगा सकते हैं कि जब पुलिसकर्मियों का ऐसा रवैया अपने ही अधिकारी के प्रति है, तो थाने में आमलोगों के साथ क्या होता होगा। यह आसानी से जाना जा सकता है। हालांकि यही जानने एसपी विनित कुमार नगर थाना सासाराम में फरियादी बनकर पहुंचे थे। तब मौके पर तैनात पुलिस अधिकारी ने उनकी कोई मदद नहीं की। उल्टे रौब दिखाकर सुबह आने की बात कही। थानाध्यक्ष ने भी कार्रवाई नहीं की। यह देख एसपी को नगर थाने की कार्यशैली समझने में परेशानी नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने नगर थानाध्यक्ष को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *