• Thu. Mar 12th, 2026

रोहतास में जजों पर जानलेवा हमला, गला दबाकर जान मारने की प्रयास

ByMedia News

Mar 15, 2023

बिहार के रोहतास जिले में सासाराम सिविल कोर्ट के दो जजों पर मंगलवार की रात कुछ लोगों ने गाली-गलौच और मारपीट के साथ जानलेवा हमला किया। वहां मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें बचाया। सूचना पर नगर थाना की पुलिस ने आरोपितों को दबोच लिया, लेकिन उनके साथ रहे अन्य आपराधिकतत्वों ने पुलिस पर हमला कर उन्हें छुड़ा लिया।

घटना की सूचना पर भारी संख्या में मौके पर पहुंची पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों बेदा स्थित पेट्रोल पंप के मालिक रमाकांत सिंह व साड़ी संसार कपड़ा दुकान के मालिक शांतनु को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपितों को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया।

सासाराम सिविल कोर्ट के अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी सह सब जज-5 रामचंद्र प्रसाद ने उक्त मामले में थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी सह सब जज-5 रामंचद्र प्रसाद व अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी सह सब जज-4 देवेश कुमार मंगलवार की रात कार में पेट्रोल लेने पंप पर जा रहे थे। बेदा नहर पार करने पर कुछ सामान खरीदने के लिए कार को सड़क की बायीं ओर खड़ी कर दी। तभी बाइक से आ रहे रमाकांत और शांतनु ने सब जज-5 की कार में टक्कर मार दी। जिससे कार क्षतिग्रस्त हो गयी।

दोनों न्यायिक पदाधिकारियों द्वारा पूछे जाने पर वे उत्तेजित होकर कार की चाबी निकालने लगे। मना करने पर गाली-गलौच शुरू कर दी। मारपीट करते हुए उनका गला दबाने लगे। उनके पास से सात हजार रुपए भी छीन लिए। इसी बीच मौके पर मौजूद लागों ने दोनों जजों को बचाया।

सासाराम मुफस्सिल थानाध्यक्ष रिजवान ने बताया कि दोनों आरोपितों को पकड़ लिया गया है। उनके आपराधिक इतिहास का पता लगाया जा रहा है।

बताया जा रहा है कि न्यायिक दंडाधिकारी के साथ मारपीट के क्रम में आरोपितों ने कहा कि पहले भी एक जज के साथ हमने मारपीट की थी, लेकिन वह हमारा बाल भी बांका नहीं कर पाए थे। आप लोग हमारा क्या बिगाड़ लेंगे।

जानकारी हो की दोनों आरोपितों व उनके साथ रहे लोगों ने यह जानते हुए कि दोनों जज हैं, उनके साथ अभद्रता करते हुए गाली-गलौच और मारपीट की। यही नहीं आरोपितों के साथ रहे अज्ञात लोगों ने भी जजों को मारा। उनके साथ बुरा सलूक किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *