बिहार के रोहतास जिले में डेहरी भाजपा के पूर्व प्रखंड अध्यक्ष और औरंगाबाद में एक मुखिया पर जानलेवा हमला हुआ है। हमले में पूर्व प्रखंड अध्यक्ष और मुखिया दोनों बुरी तरह घायल हो गए हैं। पुलिस जांच पड़ताल में जुट गई है।
रोहतास जिले के डेहरी भाजपा के पूर्व प्रखंड अध्यक्ष कृष्णा तिवारी पर मंगलवार की रात जानलेवा हमला हुआ। हमलावरों ने भाजपा नेता से सोने की चैन व अंगूठी छीन लिया। उनके चार पहिया वाहन का चाबी व रिमोट भी छीन कर भाग निकले। घटना के बाद पहुंची पुलिस ने इलाज हेतु अस्पताल भेजा। भाजपा नेता का इलाज अनुमंडलीय अस्पताल में चल रहा है। घायल भाजपा नेता ने इस मामले में भलुआड़ी पंचायत के मुखिया पप्पू यादव, डब्लू गुप्ता एवं अन्य अज्ञात पर नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। बताया जा रहा है कि पप्पू यादव पंचायत चुनाव में पूर्व अध्यक्ष को अपना विरोधी मानता था। इसी को लेकर तनाव चल रहा था। नगर थाना अध्यक्ष राजीव रंजन ने कहा कि घायल कृष्णा तिवारी के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
औरंगाबाद जिले के नबीनगर प्रखंड के चंद्रगढ़ पंचायत के मुखिया आमोद चंद्रवंशी पर जानलेवा हमला हुआ है। नबीनगर प्रखंड के खरौंधा गांव में उनपर लाठी-डंडा, हॉकी स्टीक और धारदार हथियार से हमला हुआ। जख्मी मुखिया का इलाज नबीनगर रेफरल अस्पताल में चल रहा है। घायल मुखिया ने कुछ लोगो पर आरोप लगाते हुए कहा कि वे गांव में योजना कर क्रियान्वयन के लिए गए हुए थे। वहां उनपर हमला किया गया। मुखिया के अनुसार किसी भी योजना में काम करवाने पर लेवी की मांग की जाती है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।