• Thu. Mar 12th, 2026

रोहतास में भीषण आग से परिवार खत्म, चार बच्चों समेत 7 लोग जिंदा जले, एक घायल

ByMedia News

Apr 9, 2024

रोहतास (बिहार)। कच्छवां थाना क्षेत्र के इब्राहिमपुर गांव में पुल के पास मंगलवार को फूस एवम् टीन काराकट से बने झोपड़ी में आग लगने से गर्भवती महिला समेत सात लोग झुलसकर मौत के गाल में समा गए और एक महिला बुरी तरह झूलस गई जिसका इलाज चल रहा है।

मृतकों में गर्भवती सहित दो महिलाएं, तीन किशोरी, एक किशोर व एक बालिका शामिल हैं। जबकि एक 45 वर्षीय महिला गंभीर रूप से घायल हो गई है, जिसका इलाज किसी निजी अस्पताल में किया जा रहा है। आगलगी के बाद इलाके में चीख-पुकार मच गई है। मरने वालों में सभी लोग भोजपुर जिले के रहने वाले थे और मजदूरी के सिलसिले में इब्राहिमपुर में झोपड़ी बनाकर रह रहे थे। पुलिस मामले की छानबीन शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक मंगलवार की दोपहर 1.30 बजे देवराज चौधरी के घर में खाना बन रहा था। घर के अन्य सदस्य कामकाज को लेकर बाहर गए थे। घटना के समय घर में दो महिलाएं पुष्पा देवी और उसकी ननद माया देवी और पांच बच्चे थे। बताया जा रहा है कि इस दौरान ट्रांसफार्मर से निकली चिंगारी देवराज की झोपड़ी पर गिर पड़ी और आग लग गई। आग घर के दरवाजे की तरफ लगने के कारण कोई भी सदस्य बाहर नहीं निकल सका और सभी जिंदा जल गए।

मृतकों में पुष्पा देवी (30 वर्ष) पति देवराज चौधरी के अलावा उनके बेटे-बेटियों में बजरंगी कुमार (6 वर्ष), शिवानी कुमारी (8 वर्ष), काजल कुमारी (4 वर्ष), गुड़िया कुमारी (1 वर्ष) शामिल हैं। सभी भोजपुर जिला के जगदीशपुर थाना क्षेत्र के बड़हर गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। वहीं कांति कुमारी (6 वर्ष) पिता शामा चौधरी ग्राम रामनगर थाना तरारी जिला भोजपुर, व माया देवी (25 वर्ष) पति दीपक चौधरी ग्राम लेमाद्रा थाना विशावदर जिला जूनागढ़ (गुजरात) की भी मौत हो गई। सभी फूस की मड़ई में इब्राहिमपुर पुल के पास रहते थे। मृतका माया देवी सात माह की गर्भवती थी। माया देवी पुष्पा देवी की ननद थी।

आग बुझाने के क्रम में गंभीर रूप से जख्मी पड़ोसन राजू देवी पति शामा चौधरी ग्राम रामनगर थाना तरारी जिला भोजपुर का इलाज चल रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना की सूचना पर अग्निशमन टीम मौके पर पहुंची। लेकिन, आग की लपटें इतनी तेज थी कि मड़ई में मौजूद परिवार के सदस्यों को भागने का मौका नहीं मिला। घटना के बाद से मौके पर चीख-पुकार मच गई।

एसडीएम ने कहा कि मामले की जांच करा पीड़ितों को आपदा के तहत उचित मुआवजा के साथ अन्य पारिवारिक लाभ दिया जाएगा। थानाध्यक्ष ने बताया कि खाना पकाने के क्रम में झोंपड़ी में आग लगने की संभावना है। घटना की जांच की जा रही है। इस कांड में सात लोगों की मौत हो गई है। एक महिला जख्मी है जिसका इलाज चल रहा है। वहीं परिवार के एक सदस्य हरेंद्र चौधरी ने बताया कि ट्रांसफॉर्मर से शार्ट सर्किट से उठी चिंगारी से झोंपड़ी में आग लगी है।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार शाम बयान जारी कर रोहतास हादसे पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि यह हादसा काफी दुखद था। इसमें मारे गए लोगों के परिजन के प्रति उनकी संवेदना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *