• Thu. Mar 12th, 2026

रोहतास में शहीद जगदेव प्रसाद की 101वीं जयंती समारोह संपन्न

ByMedia News

Feb 5, 2023

रोहतास (बिहार)। अमर शहीद जगदेव प्रसाद की 101वीं जयंती समारोह गोपालम वैलनेस रिजॉर्ट ग्राम खुर्द चेनारी में आयोजित की गई। समारोह के मुख्य अतिथि बिहार राज्य पिछड़ा वर्ग के अध्यक्ष वीरेंद्र कुशवाहा थे। जगदेव प्रसाद के तैल्यचित्र पर पुष्पांजलि कर नेताओं ने उनके जीवन पर प्रकाश डाला।

समारोह को संबोधित करते हुए नेताओं ने कहा कि जगदेव प्रसाद का जन्म 2 फरवरी 1922 को जहानाबाद के समीप कुर्था प्रखण्ड क्षेत्र के कुरहारी ग्राम में दांगी समुदाय के परिवार में हुआ था। इनके पिता प्रयाग नारायण प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक थे और माता रासकली अनपढ़ थीं। जगदेव प्रसाद जी ने अपने पिता के मार्गदर्शन में मिडिल की परीक्षा पास की। हाईस्कूल के लिए जहानाबाद चले गए। पटना विश्वविद्यालय से स्नातक किया। वे शोसलिस्ट पार्टी से जुड़े और पार्टी के मुखपत्र ‘जनता’ का संपादन भी किया। एक कुशल पत्रकार की हैसियत से उन्होंने दलित-पिछड़ों-शोषितों की समस्याओं के बारे में खूब लिखा। उनके समाधान के बारे में भी अपनी कलम चलायी। निम्न मध्यमवर्गीय परिवार में पैदा हुए जगदेव जी की प्रवृत्ति शुरू से ही संघर्षशील तथा जुझारू रही।

बिहार में कांग्रेस की तानाशाही सरकार के खिलाफ जे.पी. के नेतृत्व में विशाल छात्र आन्दोलन शुरू हुआ और राजनीति की एक नयी दिशा-दशा का सूत्रपात हुआ। पूरे बिहार में मई 1974 को 6 सूत्री मांगो को लेकर जन सभाएं की गई तथा सरकार पर भी दबाव डाला गया लेकिन प्रशासन पर इसका कोई असर नहीं पड़ा। जिससे 5 सितम्बर 1974 से राज्य-व्यापी सत्याग्रह शुरू करने की योजना बनी।

जगदेव बाबू ने 5 सितम्बर 1974′ को हजारों की संख्या में ‘शोषित समाज’ का नेतृत्व करते हुए अपने दल का काला झंडा लेकर आगे बढ़ने लगे। कुर्था में तैनात डी.एस.पी. ने सत्याग्रहियों को रोका तो जगदेव बाबू ने इसका प्रतिवाद किया और विरोधियों के पूर्वनियोजित जाल में फंस गए। सत्याग्रहियों पर पुलिस ने अचानक हमला बोल दिया। जगदेव बाबू चट्टान की तरह जमे रहे। वे अपना क्रांतिकारी भाषण जारी रखा। पुलिस ने गोली चलाई। गोली सीधे उनके गर्दन में जा लगी, वे गिर पड़े। पुलिस घायलावस्था में उन्हें पुलिस स्टेशन ले गयी। पानी-पानी चिल्लाते हुए जगदेव जी ने थाने में ही अंतिम सांसे ली।

जयंती समारोह के अवसर पर किसानों को जागरूक करने के लिए एक प्रशिक्षण शिविर का भी आयोजन किया गया।

समारोह में मुख्य रूप से पंचायत के मुखिया उपेंद्र कुमार, सरपंच चंद्रमा राम, पैक्स अध्यक्ष विष्णु शंकर चौबे, जदयू प्रखंड अध्यक्ष सह कुशवाहा समाज जगदेव स्मारक निर्माण समिति के अध्यक्ष धर्मेंद्र कुशवाहा, खुर्माबाद पंचायत के बीडीसी पति शिवजी, मुन्ना महतो, अशोक कुमार, अश्वनी कुमार, कार्यक्रम के संरक्षक सुनील कुशवाहा समेत अनेक लोग शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *