नरेंद्र मोदी भारत के तीसरी बार प्रधानमंत्री बनेंगे। उक्त दावा लोकसभा चुनाव 2024 के बीच अमेरिकी राजनीतिक वैज्ञानिक इयान ब्रेमर ने किया है। उन्होंने कहा कि बीजेपी को 305 सीटें मिलेगी। इसमें 10 सीटें प्लस या माइनस होने की संभावना है।
विदित हो कि अमेरिका के मशहूर पॉलिटिकल एक्सपर्ट और रिस्क एंड रिसर्च कन्सल्टिंग फर्म यूरेशिया ग्रुप के संस्थापक इयान ब्रेमर ने एक न्यूज चैनल को दिए इंटरव्यू में कहा कि नरेंद्र मोदी तीसरी बार भारत के प्रधानमंत्री बनने जा रहे हैं। बीजेपी के 295 से 315 सीटें जीतने की उम्मीद है। यह यूरेशिया ग्रुप की रिसर्च में सामने आया है।
जानकारी हो कि लोकसभा चुनाव 2024 पांच चरण होने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित अन्य नेता भी बहुमत मिलने का दावा कर चुके हैं। विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ में शामिल कांग्रेस के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे समेत अन्य नेता कह रहे हैं कि बीजेपी को लोग नकार चुके हैं।
दिल्ली के द्वारका में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम नरेंद्र मोदी ने 22 मई 2024 को ही दावा किया है कि पांच चरणों के मतदान ने बीजेपी-एनडीए की मजबूत सरकार पक्की कर दी है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पश्चिम बंगाल के कांथी लोकसभा क्षेत्र में एक चुनावी जनसभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि क्या आप जानना चाहते हैं कि अब तक एनडीए की स्थिति क्या है? मैं आपको बता सकता हूं कि पहले पांच चरणों के बाद नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए (NDA) पहले ही 310 का आंकड़ा पार कर चुका है।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने हाल ही में एक न्यूज चैनल से बात करते हुए कहा कि इंडिया गठबंधन कितनी सीटें हासिल करेगा ये तो नहीं बता सकता, लेकिन ये बता सकता हूं कि बीजेपी सत्ता से बाहर होने जा रही है।