• Wed. Jan 21st, 2026

बिहार विधान सभा चुनाव के तारीखों का ऐलान होते ही प्रशासन के बदले तेवर, मास्क चेकिंग एवं वाहन चेकिंग के दौरान हो रही है जुर्माने की वसूली

ByMedia News

Sep 29, 2020

रोहतास (बिहार)। बिहार विधानसभा चुनाव के तारीखों का ऐलान होते ही चुनाव आचार संहिता के मद्देनजर जिला प्रशासन के तेवर अब पूरी तरह बदले-बदले नजर आने लगे हैं। पहले दिन ही प्रशासन ने जहां शहरों में लगे भावी प्रत्याशियों के सभी बैनर पोस्टर को पूरी तरह से उतरवा दिया। वहीं जिला प्रशासन ने पूरे जिले में वाहन चेकिंग एवं मास्क चेकिंग अभियान चलाना भी शुरू कर दिया है।

रोहतास जिले के सासाराम शहर में आज शहर के पोस्ट ऑफिस चौराहे पर सदर एसडीओ मनोज कुमार के नेतृत्व में चेकिंग अभियान चलाया गया। दुपहिया वाहन चालकों की सघन जांच एवं मास्क की चेकिंग की गई। सदर एसडीओ ने बताया कि वाहन चेकिंग अभियान के दौरान आठ हजार रुपए बतौर जुर्माना लोगों से वसूल किया गया। चेकिंग अभियान के दौरान मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती रही।

विदित हो कि शहर के सभी प्रमुख प्रवेश मार्गों पर भी वाहनों की जांच-पड़ताल शुरू कर दी गई है। जिसको देखते हुए वाहन चालकों में हड़कंप मचा हुआ है। साथ हीं आचार संहिता के सख्त अनुपालन के उद्देश्य से आदर्श आचार संहिता कोषांग के नोडल पदाधिकारी ने सभी थाना, प्रखंड, अनुमंडल मुख्यालय, चेक पोस्ट एवं बाजारों में वाहन चेकिंग अभियान चलाने का निर्देश जारी किया है।

पत्र के माध्यम से नोडल पदाधिकारी ने कहा है कि सभी थानाध्यक्ष, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी, जिला खनन पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी एवं अंचलाधिकारी अपने क्षेत्र अंतर्गत अभियान से संबंधित प्रगति प्रतिवेदन शाम 4:00 बजे तक जिला गोपनीय शाखा को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करेंगे।

विदित हो कि मतदान को प्रभावित करने के उद्देश्य से चुनाव में धन, शराब, हथियार आदि के प्रयोग की प्रबल संभावना बनी रहती है। माफिया अपने मंसूबों को अंजाम देने में एड़ी चोटी का जोर लगाते हैं। जिला प्रशासन ने चुनाव को निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के उद्देश्य से वाहन चेकिंग पर विशेष ध्यान दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *