पटना (बिहार)। नीतीश मंत्रिमंडल में मंगलवार को 17 नए मंत्रियों ने शपथ ली। राज्य में 38 जिले हैं, विस्तार के बाद अब मंत्रिमंडल में 31 सदस्य हो गए हैं। इनमें 20 जिलों से ताल्लुक रखने वाले लोग हैं, यानी 18 जिलों को मंत्रिमंडल में तरजीह नहीं दी गई है। इनमें भागलपुर, बेगूसराय, वैशाली, सारण, बक्सर, मुंगेर और सीतामढ़ी जैसे जिले भी हैं। सबसे ज्यादा 4 मंत्री अकेले दरभंगा जिले से हैं। गोपालगंज और सुपौल जिले से 3-3 मंत्रियों को मंत्रिमंडल में जगह मिल गई है। दरभंगा जिले से ताल्लुक रखने वाले जीवेश मिश्र और मुकेश सहनी नीतीश सरकार में पहले से मंत्री हैं, अब इस जिले के संजय झा और मदन सहनी को भी मंत्रिमंडल में जगह दी गई है। गोपालगंज से सुभाष सिंह, जनक राम और सुनील कुमार को मंत्रिमंडल विस्तार में जगह दी गई है, जबकि सुपौल से विजेन्द्र यादव के साथ ही अब शाहनवाज हुसैन और नीरज कुमार बबलू भी मंत्रिमंडल के सदस्य बन चुके हैं।
जानकारी हो कि जिन जिलों से अब दो-दो मंत्री हो गए है वे हैं पश्चिम चंपारण, मधुबनी और मुजफ्फरपुर। पंश्चिम चंपारण से रेणु देवी उपमुख्यमंत्री हैं जबकि नारायण प्रसाद नए मंत्री बनाए गए हैं। मधुबनी से शीला कुमारी और रामप्रीत प्रसाद पहले से मंत्री हैं। मुजफ्फरपुर से अशोक चौधरी और रामसूरत राय पहले से मंत्रिमंडल में शामिल हैं। नालंदा से नीतीश कुमार मुख्यमंत्री हैं और श्रवण कुमार को फिर से जगह मिली है।
विदित हो कि इन जिलों से एक-एक मंत्री बनाये गए हैं। कटिहार से तारकिशोर प्रसाद, उपमुख्यमंत्री हैं। भभुआ से जमां खान, खगड़िया से सम्राट चौधरी, गया से संतोष कुमार सुमन, जमुई से सुमित सिंह, पूर्णिया से लेसी सिंह और पूर्वी चंपारण से प्रमोद कुमार को मंगलवार को मंत्री बनाया गया है। बांका से जयंत राज को मंत्री बनाया गया है। आरा से अमरेन्द्र प्रताप पहले से मंत्री हैं। विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष विजय चौधरी, सहरसा जिले से आलोक रंजन झा, सीवान से मंगल पांडेय मंत्री हैं। पटना से नितिन नवीन को मंत्रिमंडल विस्तार में जगह मिली है।
जानकारी हो कि इन जिलों से एक भी मंत्री नहीं बनाये गये। अररिया, अरवल, औरंगाबाद, किशनगंज, जहानाबाद, नवादा, बक्सर, बेगूसराय, भागलपुर, मधेपुरा, मुंगेर, रोहतास, लखीसराय, वैशाली, शिवहर, शेखपुरा, सारण, सीतामढ़ी।