रोहतास (बिहार)। डेहरी थाना क्षेत्र के कोयला डिपो व आसपास के क्षेत्र में अवैध बालू के खिलाफ पुलिस प्रशासनिक कार्रवाई के दौरान रविवार की रात बालू माफियाओं ने एसडीएम व उनकी टीम पर पथराव कर दिया। पथराव में डेहरी एसडीएम का बॉडीगार्ड गंभीर रूप से घायल हो गया। उसका इलाज जमुहार स्थित एनएमसीएच में चल रहा है।
डेहरी एसडीएम समीर कुमार सौरव ने बताया कि प्राप्त सूचना के आलोक में रविवार की शाम पुलिस प्रशासन की टीम कोयला डिपो व आसपास के क्षेत्र में अवैध बालू लदे वाहनों के खिलाफ कार्रवाई कर रही थी। जिसमें आठ अवैध बालू लदे ट्रैक्टर जप्त किए गए। जबकि कई बालू लदे ट्रैक्टर चालक बालू पलट कर भाग निकले।
बालू माफियाओ ने छापेमारी करने गई टीम पर हमला कर दिया। जिसमें एसडीएम का बॉडीगार्ड संटू कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे बेहतर इलाज हेतु जमुहार स्थित एनएमसीएच मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने इस मामले में हमलावर रुद्रपुरा निवासी अरविंद कुमार को गिरफ्तार किया गया है। जबकि अन्य बालू माफियाओं के विरुद्ध पुलिस छापेमारी कर रही है।