बिहार में राज्य निर्वाचन आयोग ने नगर निकायों में आम चुनाव को लेकर शुक्रवार को अधिसूचना जारी कर दी। दो चरणों में वोटिंग होगी। पहले चरण में 156 नगर पालिका में 10 अक्टूबर को वोटिंग होगी। मतगणना 12 अक्टूबर 2022 को होगी। दूसरे चरण के लिए 20 अक्टूबर को वोट पड़ेंगे। काउंटिंग 22 अक्टूबर 2022 को होगी।
चुनाव के एक दिन बाद वोटों की गिनती की जाएगी। यानी पहले चरण के चुनाव की काउंटिंग 12 अक्टूबर को और दूसरे चरण की काउंटिंग 22 अक्टूबर को की जाएगी। वोटिंग सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक होगी।
राज्य निर्वाचन आयुक्त डॉ. दीपक प्रसाद ने प्रेस वार्ता में बताया कि इन दो चरणों में 224 नगरपालिका का चुनाव होना है। इनमें 17 नगर निगम, 70 नगर परिषद, और 137 नगर पंचायत शामिल हैं। इनमें कुल एक करोड़ 14 लाख 52 हजार 759 मतदाता हिस्सा लेंगे। उन्होंने कहा कि नोटिफिकेशन के साथ ही राज्य के शहरी क्षेत्रों अचार संहिता लागू हो गई है।
इसके साथ ही पटना, बक्सर, नालंदा, गोपालगंज, मुजफ्फरपुर, पश्चिम चंपारण, शिवहर, दरभंगा, मधुबनी, मुंगेर, लखीसराय, जमुई, सहरसा और किशनगंज के 24 नगरपालिका में तीसरे चरण में चुनाव कराए जाएंगे। इसकी अधिसूचना अलग से जारी की जाएगी। डॉ. दीपक कुमार ने बताया कि छठ के बाद यहां चुनाव संभव हैं। जबकि 13 नगरपालिका का चुनाव अगले साल कराया जाएगा।
नगर निकाय चुनाव के तहत वार्ड पार्षद, उप मुख्य पार्षद या उप मेयर और मुख्य पार्षद या मेयर पद के लिए मतदान कराया जाएगा। सभी तीन पदों के लिए नगर निकाय वार आरक्षण सूची आयोग ने जारी कर दी है। इसे आयोग की आधिकारिक वेबसाइट (http://sec.bihar.gov.in/) पर जाकर भी देखा जा सकता है।
नगर पंचायत और नगर परिषद में वार्ड पार्षद के अलावा मुख्य पार्षद और उप मुख्य पार्षद का जबकि नगर निगम में मेयर और उप मेयर का चुनाव किया जाएगा। इससे पहले आम मतदाता केवल वार्ड पार्षद का चुनाव ही करता था। बाकी दो पदों के लिए चुनाव निर्वाचित पार्षद मिलकर कर करते थे। इस बार सभी तीन पदों के लिए सीधे आम मतदाता ही चुनाव करेगा।