रोहतास (बिहार)। बिहार लोक सेवा आयोग द्वारा 67वीं संयुक्त (प्रारंभिक) प्रतियोगिता पुनर्परीक्षा का आयोजन 30 सितंबर को किया जाना है। परीक्षा एक ही दिन और एक ही पाली में आयोजित की जाएगी।
रोहतास जिला में 67वीं संयुक्त (प्रारंभिक) प्रतियोगिता पुनर्परीक्षा को शांतिपूर्ण, कदाचार मुक्त कराने की तैयारी को ले रोहतास डीएम की अध्यक्षता में बुधवार को रोहतास एसपी के साथ संयुक्त ब्रिफिंग की गयी।
जिला पदाधिकारी धर्मेंद्र कुमार द्वारा परीक्षा के शांतिपूर्ण, कदाचार रहित एवं सफल संचालन के लिए सभी संबंधितों को अपने-अपने दायित्वों से अवगत कराया गया। रोहतास जिलान्तर्गत 36 परीक्षा केन्द्रों को चिन्ह्ति किया गया है। जिसमें अनुमंडल-सासाराम में 19, अनुमंडल डिहरी में 11 एवं अनुमंडल बिक्रमगंज 06 परीक्षा केन्द्र बनाये गये है। परीक्षा का आयोजन 30 सितम्बर 2022 को एक पाली में 12ः00 बजे मध्याह्न से 02ः00 बजे अपराह्न तक किया जायेगा। परीक्षार्थीयों को 10ः30 बजे पूर्वाह्न से परीक्षा हाॅल/कक्ष में प्रवेश प्रारंभ होगा एवं 11ः00 बजे पूर्वाह्न के बाद किसी भी परीक्षार्थी को प्रवेश की अनुमति नहीं दी जायेगी।
67वीं संयुक्त प्रारम्भिक प्रतियोगिता पुनर्परीक्षा के संबंध में जिला पदाधिकारी द्वारा सभी केन्द्राधीक्षक को विभाग से प्राप्त दिशा-निर्देश से अवगत कराया गया। परीक्षा केन्द्रो पर परीक्षार्थीयों के बैठने हेतु बेंच, डेस्क, पेयजल एवं रौशनी की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निदेश दिया गया। परीक्षा संचालित होने में संलग्न सभी कर्मियों को किसी परिस्थिति में मोबाईल ले जाने की अनुमति नही होगी। परीक्षा समाप्ति के पूर्व किसी भी परीक्षार्थी को केन्द्र छोड़ने की अनुमति नहीं दी जायेगी।
प्रतिनियुक्ति सभी स्टैटिक दण्डाधिकारी-सह-प्रेक्षक को निर्देश दिया गया कि परीक्षा तिथि को परीक्षा प्रारम्भ होने के 03 घंटा पूर्व निश्चित रूप से अपने-अपने केन्द्र पर उपस्थित रहेंगे तथा परीक्षा केन्द्र के प्रत्येक कक्ष का लगातार निरीक्षण करते रहेंगे। प्रतिनियुक्ति सभी जोनल दण्डाधिकारी को निर्देश दिया गया कि 11ः00 बजे से 11ः30 बजे पूर्वाहन के बीच केन्द्राधीक्षक को प्रतिनियुक्ति स्टैटिक दण्डाधिकारी के समक्ष प्रश्न पत्र बाॅक्स हस्तगत कराएंगे। साथ ही यह सुनिश्चित करायेंगे कि केन्द्र पर निर्धारित समय पर परीक्षा आरंभ एवं समाप्त हो रही है। प्रतिनियुक्ति उडनदस्ता दल दण्डाधिकारी को निर्देश दिया गया कि अपने-अपने केन्द्रों का औचक निरीक्षण करेंगे।
पुलिस अधीक्षक, रोहतास द्वारा प्रतिनियुक्ति पुलिस पदाधिकारी को निर्देश दिया गया कि कदाचारमुक्त एवं शांतिपूर्ण परीक्षा संचालन हेतु तत्पर रहेंगे एवं विधि व्यवस्था संधारण करेंगे।
परीक्षा के सफल संचालन हेतु जिला शिक्षा पदाधिकारी द्वारा सभी केन्द्राधीक्षक को आवश्यक दिशा निर्देश दिया गया। नोडल पदाधिकारी द्वारा आयोग से प्राप्त निर्देश से सभी दण्डाधिकारी को अवगत कराया गया।
संयुक्त ब्रीफिंग में उप विकास आयुक्त रोहतास, नोडल पदाधिकारी मो० मुमताज आलम, जिला शिक्षा पदाधिकारी, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, सभी केन्द्राधीक्षक, स्टैटिक दण्डाधिकारी, जोनल दण्डाधिकारी, उडन दस्तादल दण्डाधिकारी, कोषागार पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।