बिहार के सासाराम में रामनवमी के दौरान हुई हिंसा मामले में रोहतास पुलिस ने भाजपा के पूर्व विधायक सह वरिष्ठ नेता जवाहर प्रसाद को गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार देर रात पुलिस की टीम सासाराम नगर थाना क्षेत्र के लश्करीगंज मुहल्ला स्थित पूर्व विधायक जवाहर प्रसाद के आवास पर पहुंची और उन्हे गिरफ्तार कर लिया।
रोहतास पुलिस ने बताया कि सासाराम शहर में 31 मार्च को हुए उपद्रव मामले में 28 अप्रैल तक कुल 63 आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं दो अभियुक्तों ने कोर्ट में सरेंडर किया। जबकि 28 अप्रैल की रात में इसी हिंसा मामले में दो और गिरफ्तारी की गयी। इनमें एक भाजपा के पूर्व विधायक भी शामिल हैं।
पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार ने प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए बताया कि सासाराम शहर में 31 मार्च को हुए साम्प्रदायिक उपद्रव मामले में न्यायालय से प्राप्त गैर जमानती वारंट का तामिला करते हुए दो अप्राथमिकी अभियुक्त मदार दरवाजा निवासी मोहम्मद शाहनवाज आलम उर्फ लखानी एवं लश्करीगंज निवासी पूर्व विधायक जवाहर प्रसाद को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।
एसपी ने कहा कि इस संबंध में अन्य 12 अभियुक्तों के विरूद्ध आज इश्तेहार का तामिला भी कराया जाएगा। वहीं शेष 38 अभियुक्तों, जिनके विरूद्ध न्यायालय से गैर जमानती वारंट (NBW) निर्गत है, उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापामारी की जा रही है।