देश में भारतीय जनता पार्टी की अगुवाई वाले एनडीए ने बिहार में लोकसभा सीट बंटवारे का ऐलान कर दिया है। भाजपा 17, नीतीश कुमार की जेडीयू 16, चिराग पासवान की लोजपा-रामविलास को 5 सीटें, जीतनराम मांझी की हम को 1 और उपेंद्र कुशवाहा की रालोमो को 1 सीट मिली है। दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में पार्टी के बिहार प्रभारी विनोद तावड़े ने सीट बंटवारे का ऐलान किया। बिहार भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी, जेडीयू नेता संजय झा समेत अन्य दलों के नेता भी मौजूद रहे।
विनोद तावड़े ने पांच दलों के बीच बंटी 40 सीटों की सूची जारी की जिससे साफ हो गया है कि लोकसभा चुनाव में केंद्रीय मंत्री पशुपति पारस की रालोजपा का पत्ता कट गया है। पुरानी लोजपा के कब्जे वाली नवादा सीट इस बार बीजेपी लड़ेगी जहां से पारस कैंप के चंदन सिंह सांसद हैं। चंदन लोजपा के कद्दावर नेता सूरजभान सिंह के भाई हैं।
बिहार में भाजपा 17 लोकसभा सीट लड़ेगी- पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, औरंगाबाद, मधुबनी, अररिया, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, महाराजगंज, सारण, उजियारपुर, बेगूसराय, नवादा, पटना साहिब, पाटलिपुत्र, आरा, बक्सर और सासाराम।
बिहार में नीतीश कुमार की जेडीयू 16 लोकसभा सीट लड़ेगी- वाल्मीकि नगर, सीतामढ़ी, झंझारपुर, सुपौल, किशनगंज, कटिहार, पूर्णिया, मधेपुरा, गोपालगंज, सिवान, भागलपुर, बांका, मुंगेर, नालंदा, जहानाबाद और शिवहर।
बिहार में चिराग पासवान की लोजपा-रामविलास ये 5 लोकसभा सीट लड़ेगी- हाजीपुर, वैशाली, खगड़िया, समस्तीपुर और जमुई।
बिहार में जीतनराम मांझी की हम 1 लोकसभा सीट लड़ेगी- गया।
बिहार में उपेंद्र कुशवाहा की रालोमो 1 लोकसभा सीट लड़ेगी- काराकाट।