भारत के प्रधानमंत्री पद के लिए नरेंद्र दास मोदी ने तीसरी बार शपथ ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें 9 जून 2024 को 7:15 बजे राष्ट्रपति भवन में आयोजित एक समारोह में पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। मोदी 3.0 में 71 मंत्रियों ने भी शपथ ली। शपथ ग्रहण समारोह को लेकर दिल्ली को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया था।
इसके साथ ही मोदी ने लगातार तीन बार प्रधानमंत्री बनने के देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। मोदी 2014 में लोकसभा चुनाव में भाजपा की जीत के बाद पहली बार देश के प्रधानमंत्री बने थे। इसके बाद 17वीं लोकसभा के चुनाव 2019 में भारी बहुमत से जीत के बाद वे लगातार दूसरी बार प्रधानमंत्री बने थे। 18 वीं लोकसभा चुनाव 2024 में भाजपा पूर्ण बहुमत हासिल नहीं कर पाई है। उसे 240 सीटें मिली हैं। हालांकि, भाजपा नीत राजग ने 293 सीटों के साथ बहुमत के आंकड़े को पार कर लिया। इसके बाद राजग की बैठक में मोदी को पिछले दिनों भाजपा और राजग संसदीय दल का नेता चुना गया था। नरेंद्र मोदी ने रविवार को प्रधानमंत्री पद के लिए शपथ ग्रहण किया।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राजनाथ सिंह एवम् अमित शाह को शपथ दिलाई। इसके बाद एनडीए गठबंधन दल के अलग-अलग सांसदों ने भी शपथ ली। पीएम मोदी के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए देश-विदेश से मेहमान नई दिल्ली पहुंचे हैं।
शपथ ग्रहण कार्यक्रम में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे भी शामिल हुए। प्रधानमंत्री और उनके मंत्रिपरिषद के शपथ ग्रहण समारोह में भारत के पड़ोसी देशों के नेता भी शामिल हुए। मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू, बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना, नेपाल के प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल ‘प्रचंड’ और भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग तोबगे ने समारोह में हिस्सा लिया।