पत्रकारिता एक सम-सामयिक इतिहास है, जो शीघ्रता पूर्वक लिखा जाता है| दैनिक क्रम में घटने वाली घटनाओं का चाहे वह घटना राजनीतिक हो, सांस्कृतिक हो, और चाहे आर्थिक हो, रहस्योद्घाटन ही पत्रकारिता का जीवन है| पत्रकारिता का मूल उद्देश्य अन्याय का उद्घाटन करना, दोष-परिहार करना, सलाह देना, असहायों की सहायता करना और मित्र विहीन लोगों को मित्रवत मार्ग दिखाना है |
पत्रकारिता वास्तव में एक चुनौती है जिसके आवश्यक गुण हैं उत्तरदायित्व, अपनी स्वतंत्रा बनाए रखना, सभी दबावों से परे रहना, सत्य प्रकट करना, निष्पक्षता, समान और सभ्य व्यवहार करना|
पत्रकारिता समाज की गतिविधियों का दर्पण है| पत्रकारिता सामाजिक जीवन की सत्-असत्, दृश्य-अदृश्य और शुभ-अशुभ छवियों का दर्पण है| समाज में फैली कुरीतियों, अंधविश्वासों, रूढ़ियों आदि के प्रति भी पत्रकारिता संघर्ष छेड़ती हुई समाज से इन बुराइयों को दूर करने का प्रयत्न करती है|
पत्रकारिता समाज की सीमाओं पर पड़ने वाली वह चैतन्य किरण है जो अपने प्रकाश से सामाजिक अस्त- व्यस्तता और विश्रृंखला को समाप्त करती हुई प्रकाश विकीर्ण करती है|यही प्रकाश सामाजिक जीवन में प्रवेश करता हुआ उसके अंतरस में छिपे अंधकार की परतों को काट देता है |
पत्रकारिता सामाजिक जागरूकता की जगमगाती किरण है| भारत में ‘स्वतंत्रता-आंदोलन को पत्रकारिता के द्वारा ही शक्ति मिली| पत्रकारिता ने ही देशवासियों के सुप्त स्वाभिमान को जागृत किया तथा उन्हें यह प्रेरणा दी की स्वतंत्रता, राष्ट्रीयता और एकता जैसे जीवन-मूल्य ही मनुष्य के अस्तित्व को सुरक्षित रख सकते हैं| राष्ट्रीय भावना व जनमत को बनाने का महान का कार्य समाचार पत्रों द्वारा ही संभव हो सका|
पत्रकारिता एक ऐसा शक्ति केंद्र है जो मनुष्य की बिखरी हुई शक्तियों को मिलाता है और जन मानस में जो भाव-विचार और शक्ति-कण बिखरे हुए होते हैं, वह सबके-सब पत्रकारिता के द्वारा ही संगठित होकर किसी एक बड़ी शक्ति का विरोध करने में सक्षम हो सकते हैं|
पत्रकारिता शासन और समाज के बीच संबंधों की एक महत्वपूर्ण कड़ी निभाती है | यह लोगों को राष्ट्र से और राष्ट्र को लोगों से जोड़ती है|
यह अपने आप में बहुत बड़ा सवाल है और सोचने का विषय है कि अगर हम पत्रकार हैं, तो क्या पत्रकारिता धर्म का निर्वहन कर रहे हैं ?
सभी पत्रकारों को एकजुटता का परिचय देते हुए पत्रकारिता धर्म निभाने के लिए एक मंच की आवश्यकता है जो सही निर्णय लेने में संकल्पित हो।
पत्रकारिता एक धर्म