रोहतास (बिहार)। डेहरी नगर थाना क्षेत्र के बारह पत्थर मुहल्ला स्थित सार्वजनिक अतिथि भवन के सुरक्षा गार्ड पर रविवार की अहले सुबह नशे में धुत एक दबंग युवक ने तलवार से हमला कर बुरी तरह घायल कर दिया।
बताया जाता है कि सुभाष नगर मुहल्ला निवासी 26 वर्षीय राहुल कुमार बारह पत्थर स्थित सार्वजनिक अतिथि भवन में सुरक्षा गार्ड के रूप में काम करता है। बीती रात लगभग ढाई बजे अतिथि भवन का दरवाजा एक युवक जोर जोर से पीटने लगा। सुरक्षा गार्ड राहुल कुमार ने दरवाजा जैसे ही खोला वैसे ही बारह पत्थर मुहल्ला के रहने वाला युवक आनंद ओझा ने गार्ड पर तलवार से हमला कर उसे लहूलुहान कर दिया। गार्ड के चीखने की आवाज सुनकर आसपास के लोगों ने आकर हमलावर को पकड़ लिया और घायल गार्ड को इलाज के लिए स्थानीय तारबंगला स्थित निजी क्लिनिक में भर्ती कराया।
घायल गार्ड का प्राथमिक उपचार कर डाक्टर ने बेहतर इलाज के लिए जमुहार स्थित एनएमसीएच रेफर कर दिया। घायल सुरक्षा गार्ड का इलाज नारायण मेडिकल कॉलेज अस्पताल जमुहार में चल रहा है। उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जिस तलवार से हमला हुआ था उस तलवार को जब्त कर हमलावर को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जाता है, कि हमलावर हमेशा नशे में धुत रहता है। पुलिस मामले की छानबीन में लग गई है।