दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में राष्ट्रीय जनता दल की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के दूसरे दिन सोमवार को खुला अधिवेशन हुआ। लालू यादव को 12वीं बार राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने की घोषणा राजद के वरिष्ठ नेता उदय नारायण चौधरी ने किया।
अधिवेशन में राजद सुप्रीमों लालू प्रसाद यादव ने कहा कि देश का संविधान खत्म हो रहा है। आरएसएस के एजेंडा को देश में लागू किया जा रहा है। देश में तानाशाही वाले हालात हैं, हमें एकजुट रहना है। मोदी सरकार को हमलोग मूली की तरह उखाड़ फेंकेंगे।
लालू यादव ने कहा कि भाजपा का मतलब ‘भारत जलाओ पार्टी’ है। पीएम पर तंज कसते हुए पूछा कि 15 लाख कब मिलेंगे। महंगाई और बेरोजगारी को लेकर भी केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि नरेंद्र मोदी के खिलाफ सभी को साथ आना होगा। जो पार्टी साथ नहीं आएगी उसे देश माफ नहीं करेगा। लालू यादव ने मंच से ही बताया कि कल वो अपने इलाज के लिए सिंगापुर जा रहे हैं। मालूम हो कि वो किडनी की बीमारी से पीड़ित हैं।
उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने कहा कि आने वाले समय में क्षेत्रीय दलों को एकजुट होना होगा, नहीं तो किसी भी लड़ाई को जीता नहीं जा सकता है। उन्होंने इशारों-इशारों में यह बता दिया कि महागठबंधन के अंदर जितनी भी क्षेत्रीय पार्टियां हैं, उनके नेताओं के ऊपर कोई भी छींटाकशी या टीका-टिप्पणी नहीं करनी है। तेजस्वी यादव ने राजद नेताओं को दो टूक कहा कि सहयोगी दलों पर बयानबाजी बर्दाश्त नहीं, भाजपा के तरफ रहिए या विरोध में रहिए। यदि आपके किसी भी बयान से भाजपा को फायदा होता है, तो आपको राजद में रहने की जरूरत नहीं है। आप भाजपा में जा सकते हैं।
उन्होंने कहा कि कट्टरवादी पार्टियों को कोई जवाब दे सकता है, तो वह समाजवाद ही दे सकता है। आप लोग पूरी तरह से गोलबंद रहिए। हमारी पार्टी महागठबंधन में है। हम सब लोगों का जो बड़ा मकसद है, बड़ी लड़ाई है, उसको देखना है। जब क्षेत्रीय दल आपस में ही लड़ते रहेंगे तो यह सबसे बड़ी बेवकूफी होगी। इसलिए क्षेत्रीय दलों को एकजुट रहना है।
तेजस्वी ने साफ कहा कि कोई एक साथी कुछ बोलता है और उससे भाजपा को फायदा होता है, तो हम बता देना चाहते हैं या तो आप भाजपा के तरफ रहिए या फिर उसके विरोध में रहिए। यह दोनों जगह रहकर काम होने वाला नहीं है। आप सभी को एकजुट रहना है। 2024 की लड़ाई के लिए तैयार रहिए और हम लोग 2024 जीतेंगे।