• Tue. Jan 20th, 2026

बीपीएससी 65वीं का रिजल्ट हुआ जारी, रोहतास के गौरव सिंह ने किया टॉप, बांका की चंदा भारती दूसरे एवं नालंदा के वरुण कुमार तीसरे स्थान पर जमाया कब्जा

ByMedia News

Oct 7, 2021

बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने 65 वीं संयुक्त प्रतियोगी परीक्षा का फाइनल परिणाम  गुरुवार को जारी कर दिया है। परीक्षा में बिहार के रोहतास जिले के गौरव सिंह ने प्रथम स्थान लाकर टॉप किया है।

बीपीएससी की 65वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा में रोहतास के गौरव सिंह ने प्रथम स्थान लाकर टॉप किया है। दूसरे नंबर पर बांका की चंदा भारती एवं तीसरे नंबर पर नालंदा के वरुण कुमार ने अपनी जगह बनाई है।

बीपीएससी टॉपर गौरव सिंह ने कलिंगा इंस्टीट्यूट ऑफ इंडस्ट्रियल टेक्नोलॉजी (Kiit) से मैकेनिकल में बीटेक की डिग्री ली है। मां शशि कुमारी उत्क्रमित मध्य विद्यालय चमराहा में पंचायत शिक्षिका हैं। पिता स्व. मनोज कुमार सिंह एयरफोर्स में जॉब करते थे। बच्चों की कम उम्र में ही मनोज कुमार सिंह का देहांत हो गया था। टॉपर गौरव का दूसरा भाई अमन कुमार सिंह पंजाब के लुधियाना से इंजीनियरिंग कॉलेज में पढ़ाई कर रहा है।

बीपीएससी की सेकेंड टॉपर चंदा भारती बांका की रहने वाली हैं। वे गया बुडको में असिस्टेंट इंजीनियर के पद पर कार्यरत हैं। पिता विवेकानंद यादव गढ़वा में असिस्टेंट इंजीनियर हैं। मां का नाम कुंदन कुमारी है। चंदा भारती तीन भाई एक बहन हैं।

मुख्य परीक्षा के बाद इंटरव्यू के लिए 1142 प्रत्याशियों का चयन किया गया था और उनको बुलाया गया था, जिसमें से 1,114 अभ्यर्थी शामिल हुए थे। आयोग की ओर से कट ऑफ भी जारी कर दिया गया है। अनारक्षित वर्ग के पुरुष उम्मीदवारों के लिए कटऑफ 532, अनारक्षित वर्ग की महिला उम्मीदवारों के लिए कटऑफ 515, ईडब्ल्यूएस के लिए 530, ईडब्ल्यूएस (महिला) के लिए 504, एससी (पुरुष) के लिए 507 और एसटी (पुरुष) के लिए 495 मार्क्स रही है। बिहार सरकार के 14 विभागों में कुल 423 रिक्त पदों के लिए परीक्षा हुई थी, जिसमें से 422 उम्मीदवारों को सफल घोषित किया गया है। इस भर्ती का इंटरव्यू अगस्त में हुआ था।

टॉप- 10 की लिस्ट

  • गौरव सिंह- रोहतास
  • चंदा भारती- बांका
  • वरुण कुमार- नालंदा
  • सुमित कुमार- मधुबनी
  • अविनाश कुमार सिंह- समस्तीपुर
  • आदित्य श्रीवास्तव- झारखंड
  • एस प्रतीक- मोतिहारी
  • आदित्य कुमार- भोजपुर
  • अनामिका- गोपालगंज
  • अंकित कुमार- भागलपुर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *