• Tue. Jan 20th, 2026

यू.पी.के बिकरु पुलिस हत्याकांड का 50 हजार का ईनामी एक आरोपी गिरफ्तार, विकास के घर से एके-47 बरामद

ByMedia News

Jul 14, 2020

उत्तर प्रदेश। पुलिस ने बिकरु कांड के एक आरोपी शशिकांत को गिरफ्तार कर लिया है। उस पर 50 हजार रुपये का इनाम था। पुलिस ने शशिकांत के खुलासे के बाद विकास दुबे के घर से एके-47 और 17 कारतूस तथा शशिकांत के घर से इंसास राइफल बरामद की है।

अपर पुलिस महानिदेशक कानून व्यवस्था प्रशांत कुमार ने मंगलवार को यहां पत्रकारों को बताया की बिकरु पुलिस हत्या कांड का एक और आरोपी शशिकांत को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसपर 50 हजार रूपए का ईनाम था। पुलिसकर्मियों से लूटे गए हथियारों को बिकरू गांव से बरामद कर लिया गया हैं। दुर्दांत हिस्ट्रीशीटर विकास दुबे के घर की तलाशी के दौरान पुलिस को एक एके-47 और 17 कारतूस मिले हैं। शशिकांत के घर से पुलिस ने लूटी गयी इंसास रायफल भी बरामद की है।

उन्होंने बताया कि विकास और उसके साथियों ने दो-तीन जुलाई की रात दबिश देने गयी पुलिस टीम पर योजनाबद्ध तरीके घातक हथियारों का प्रयोग कर हमला किया था। इस हमले में मृत पुलिसकर्मियों के हथियार भी बदमाशों ने लूट लिए थे। इस पूरे मामले में 21 आरोपी थे, जिसमें चार गिरफ्तार किए जा चुके हैं। गिरफ्तार आरोपियों में श्यामू वाजपेयी, जहान यादव, दयाशंकर अग्निहोत्री और शशिकांत है। अब तक 6 आरोपी एनकाउंटर में मारे जा चुके हैं, जिसमें विकास दुबे, राजाराम, अतुल दुबे, अमर दुबे, प्रभात मिश्रा और प्रवीण दुबे शामिल है। 11 की तलाश जारी है। 120 बी के तहत सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है। 216 में दो आरोपी जेल गए हैं। इसके अलावा महाराष्ट्र में पकड़े गए दो लोगों को रिमांड पर यूपी लाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि हत्या की जघन्य वारदात की रात कौन-कौन से पुलिस के कर्मचारी अपराधियों के संपर्क में थे। इस पुर पुलिस की कड़ी नजर है। विकास दुबे के संपर्क में रहने वाले किसी भी अधिकारी, पुलिसकर्मी अथवा अन्य को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *