रोहतास (बिहार)। अयोध्या में हुए राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम का रोहतास में जगह-जगह लाइव टेलीकास्ट किया गया। जिले के लगभग प्रत्येक मंदिर में पूजा अर्चना की गई।
सासाराम के पायलट बाबा धाम में 35 फीट ऊंचा भगवान राम के प्रतिमा का विशेष पूजा अर्चना की गई। परिसर में अखण्ड कीर्तन का भी आयोजन हुआ। बुढ़वा महादेव मंदिर में भी पूजा अर्चना की गई। सासाराम के शिव घाट मंदिर परिसर में भी अयोध्या स्थित राम मंदिर में रामलला के प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम का लाइव टेलीकास्ट किया गया। राम भक्तों ने इस दौरान मंदिर में पूजा अर्चना की तथा लोगों के बीच प्रसाद वितरण किया। पूरा परिसर जय श्री राम के नारों से गुंजायमान हो उठा।
कार्यक्रम में शामिल भाजपा के पूर्व विधायक जवाहर प्रसाद ने कहा कि रामलला के प्राण प्रतिष्ठा को लेकर आज पूरे विश्व में उत्सव मनाया जा रहा है। पांच सौ वर्षों के बाद अयोध्या में भगवान श्री राम जी की प्राण प्रतिष्ठा हुई है। जिससे देश का कोना-कोना राममय हो गया है।