रोहतास (बिहार)। रोहतास पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए दस लाख की रंगदारी मांगने एवं ट्रेन में लूटपाट की घटना को अंजाम देने वाले अंतर्राजीय गिरोह के 11 अपराधकर्मियों को गिरफ्तार कर लिया है। वे लूट की योजना बना रहे थे। पुलिस ने अपराधियों के पास से एक लाख रुपए नकद के साथ पांच मोबाइल, एक मोटरसाइकिल एवं एक स्कार्पियो बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक आशीष भारती ने बताया रोहतास पुलिस के द्वारा लगातार अपराधकर्मियों के विरुद्ध गिरफ्तारी हेतु विशेष छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। विशेषकर वैसे अपराध कर्मियों जो हत्या, डकैती, लूट, रंगदारी एवं अन्य गंभीर कांडों में वांछित/ फरार चल रहे हैं। पुलिस अपराधिक घटनाओं को रोकथाम के लिए लगातार अपराधकर्मियों पर निगरानी रख रही है। इसी क्रम में रोहतास पुलिस को गुप्त सूचना प्राप्त हुई की कुछ अपराधकर्मी लूटपाट की योजना बना रहे हैं। उनके द्वारा पूर्व में भी लूटपाट की घटनाओं को अंजाम दिया गया है तथा रंगदारी मांगने में भी ये लोग संलिप्त रहे हैं।
सूचना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक आशीष भारती ने इसे गंभीरता से लेते हुए विशेष टीम का गठन किया। विशेष टीम के द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए रंगदारी एवं लूटपाट के कांड में संलिप्त अपराधकर्मी सलमान हुसैन उर्फ सोनू पिता अनवर हुसैन, ग्राम करपुरवा, थाना बक्सर नगर, जिला बक्सर एवं नैयर आजम उर्फ परवेज आजम पिता महताब आलम, ग्राम शेख बहुआरा, थाना परसथुआ, जिला रोहतास को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार अपराधियों ने राजकुमार सिंह (चिमनी भट्ठा मालिक) से रंगदारी मांगने की बात स्वीकार करते हुए अपने अन्य सहयोगियों (1)महेंद्र सिंह पिता हरदेव सिंह, ग्राम नेवरास, थाना कुदरा, जिला कैमूर (चिमनी भट्ठा मालिक का चचेरा भाई) (2)भीम सिंह पिता स्वर्गीय राम कृत सिंह, ग्राम इदिलपुर, थाना मोहनिया, जिला कैमूर को भी इस घटना में संलिप्त रहने की बात बताई। पुलिस ने उपरोक्त दोनों अभियुक्तों के ठिकानों का पता लगाकर कैमूर पुलिस के सहयोग से छापेमारी कर गिरफ्तार किया।
चिमनी भट्ठा मालिक राजकुमार सिंह, पिता जगनारायण सिंह, ग्राम नेवरास, थाना कुदरा, जिला कैमूर से अपराधकर्मियों द्वारा फोन से दस लाख रुपए रंगदारी की मांग की गई थी और साथ ही नहीं देने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई थी। इस मामले में लगातार पुलिस के द्वारा तकनीकी तथा पारंपरिक अनुसंधान किया जा रहा था और इसमें उनके पास से जो घटना में उपयोग मोबाइल भी बरामद किया जा चुका है। इस संबंध में राजकुमार सिंह के लिखित आवेदन के आधार पर चेनारी थाना कांड संख्या 27/21, 5 फरवरी 2021 को दर्ज की गई है। धारा 384 भाo दo विo विधान विधान दर्ज किया गया था।
गिरफ्तार अभियुक्त सलमान हुसैन उर्फ सोनू एवं नैयर आजम उर्फ परवेज आजम ने पूछताछ के दौरान उपरोक्त घटना के अतिरिक्त रोहतास जिला में अथवा ट्रेन में लूटपाट की घटना को अंजाम देने की योजना बनाने की बात बताई। जिसे रोहतास पुलिस द्वारा घटना कारित करने के पूर्व ही विफल कर दिया गया। 20 सितंबर 2022 को एक किराना कारोबारी अकोढीगोला थाना क्षेत्र से दुकानदारों से पैसा तहसील कर डिहरी–गया पैसेंजर से डिहरी से गया जाने के दौरान इसमाईलपुर स्टेशन के पास अपने अन्य सहयोगियों के मदद से 1 लाख 45 हजार रुपए, एक मोबाइल एवं अन्य सामान लूट लेने की बात बताया।
रोहतास पुलिस द्वारा इसकी सूचना रेल पुलिस अधीक्षक पटना को दी गई। तत्पश्चात रोहतास पुलिस एवं गया रेल पुलिस के संयुक्त टीम द्वारा विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर उपरोक्त घटना को अंजाम देने वाले अपराधकर्मियों को गिरफ्तार किया गया। अपराधकर्मी (1)अभय कुमार गुप्ता, पिता भगवान शाह (2) अशोक यादव पिता शारदा सिंह दोनों ग्राम बेरकप, थाना दरिहट, जिला रोहतास (3)अमर कुमार उर्फ मिठू,पिता फेकू राम, ग्राम गोरा बाजार, थाना एवम् जिला गाजीपुर (यूपी) (4) अशोक राजभर उर्फ अरविंद राजभर उर्फ बाबा, पिता भृगुनाथ राजभर, ग्राम उसिया, थाना दिलदारनगर (यूपी)(5) राजू उर्फ शंभू प्रसाद, पिता शिवापूजन प्रसाद, ग्राम बहुआरा, थाना दिलदारनगर (यूपी), (6) कादिर खां पिता नजीर अहमद खां, ग्राम राकासाहा, थाना दिलदारनगर (यूपी), (7) बबलू कुमार पिता विनोद गुप्ता, ग्राम बरहड़ी गोला, थाना अकोढीगोला, जिला रोहतास को गिरफ्तार किया गया। इन अपराधियों के पास से लूटी गई रुपए में से एक लाख नकद, एक मोटरसाइकिल एवम् एक स्कार्पियो भी बरामद किया गया है। इस घटना में बबलू कुमार एवं अभय कुमार गुप्ता के द्वारा लाइनर का काम किया गया था। इस संबंध में कन्हैया लाल, पिता स्वर्गीय द्वारिका प्रसाद, मोहल्ला न्यू एरिया पिपराती, वार्ड नंबर 12, थाना कोतवाली, जिला गया ने रेलवे थाना कांड संख्या 379/22 दिनांक 20 सितम्बर 2022 को दर्ज कराया था। बरामद किए गए रुपए, वाहन एवं सात अभियुक्तों को रेलवे पुलिस गया को अग्रतर कार्रवाई हेतु सौंपा गया है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि अपराध कर्मियों ने शाहाबाद समेत अन्य जिलों एवं अन्य राज्य में भी अपराधिक गतिविधियों में शामिल थे।
एसपी ने बताया की विशेष टीम में शामिल पुलिसकर्मियों को पुरस्कृत किया जा रहा है।