• Fri. Mar 13th, 2026

सासाराम में नोटों के बंडल उगल रही है नहर, लूटने के लिए मची होड़

ByMedia News

May 6, 2023

रोहतास (बिहार)। सासाराम मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के सोन उच्च स्तरीय नहर में शनिवार को मुरादाबाद पुल के समीप मछली मार रहे कुछ लोगों को रुपयों के बंडल मिले। देखते ही देखते ये बात जंगल में आग की तरह फैल गई जिसके बाद आसपास के लोग भी नहर में उतर नोटों की गड्डियां खोजने लगे।

सासाराम स्थित मुरादाबाद नहर में अचानक नोटों के बंडल मिलने लगे। नहर में नोट होने की बात से सनसनी मच गई। लोग लूटने के लिए नहर में कूद पड़े। जिसको जितना मिला हाथ में लेकर नहर से बाहर आता दिखा।

जानकारी हो कि नहर से नोटों के बंडल लूटने का वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में स्पष्ट दिख रहा है कि लोग नहर में जाकर नोटों की गड्डी बटोर रहे हैं। कोई नहर से निकाल कर ला रहा है। नोट लूटने का वीडियो तेजी से शेयर हो रहा है।

हालांकि, ये रुपए असली हैं या नकली, फिलहाल पुलिस इसकी पुष्टि नहीं कर पा रही है। हालांकि स्थानीय लोगों में चर्चा है कि नोट असली है, लेकिन वो इस पर खुलकर बात नहीं कर रहे हैं।

ग्रामीण ने बताया कि कपड़े में बंधा नोटों का बंडल 10 रुपए का था। रुपए देखकर लगता है कि वो काफी समय से नहर में होंगे। कुछ लोग नहर में नहा रहे थे, तभी उन्होंने नोट बहते देखा। नोटों की संख्या देख कुछ लोग आगे बढ़े तो देखा कि कुराइच पुल के नीचे पानी में कई सारे बंडल फेंके हुए थे।

पुल के नीचे नोटों के बंडल फेंके जाने की बात आग की तरह फैली और बड़ी संख्या में लोग पुल पर जमा हो गए। देखते ही देखते दर्जनों लोग नहर में कूद गए। दोनों हाथों से नोट बटोरने लगे। नहर में गंदगी भी काफी है, लेकिन लोगों को क्या, वो लालच में पैसे बटोरने लगे।

पुलिस मौके पर पहुंच गई है। यह नोट कहां से आए और किसने फेंके। यह साफ नहीं हो सका है। ये भी स्पष्ट नहीं है कि नोट असली है या नकली।

सासाराम मुफ्फसिल थानाध्यक्ष रिजवान अहमद ने बताया कि नोट मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर गई थी, वहां कुछ नहीं मिला। लोग नहर में नोट मिलने की बात कह रहे हैं। आगे की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *